25 दिन से गायब है 'बबली', पोस्टर लगाकर ढूंढ रहे मालिक... लापता पालतू बिल्ली के लिए रखा ₹5000 का इनाम

उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक पालतू बिल्ली के लापता होने से पूरा परिवार परेशान है. 'बबली' नाम की बिल्ली पिछले दो वर्षों से परिवार के सदस्य की तरह रह रही थी. करीब 25 दिन पहले अचानक घर से गायब होने के बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला है. परिवार ने पोस्टर लगवाए हैं और उसकी सूचना देने वाले के लिए ₹5000 का इनाम घोषित किया है.

Advertisement
बच्चों की हालत देख भावुक हुआ परिवार.(Photo: Aamir Khan/ITG) बच्चों की हालत देख भावुक हुआ परिवार.(Photo: Aamir Khan/ITG)

आमिर खान

  • रामपुर,
  • 15 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:59 AM IST

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक भावुक कर देने वाली कहानी सामने आई है, जहां एक परिवार अपनी लापता पालतू बिल्ली की तलाश में दिन-रात जुटा हुआ है. 'बबली' नाम की यह बिल्ली पिछले दो साल से परिवार के साथ रह रही थी और घर के सदस्य की तरह बन गई थी. करीब 25 दिन पहले अचानक घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटी, जिसके बाद परिवार उसकी तलाश में हर संभव कोशिश कर रहा है.

Advertisement

परिवार ने न सिर्फ आसपास के इलाकों में खोजबीन की, बल्कि बिल्ली की तस्वीर वाले पोस्टर भी छपवाए हैं. इतना ही नहीं, बबली के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 5 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की गई है.

यह भी पढ़ें: 'शादी गर्लफ्रेंड से होगी, तभी उतरूंगा...' मोबाइल टावर पर चढ़ गया युवक, रामपुर में हाई-वोल्टेज लव स्टोरी

परिवार का कहना है कि बबली कुछ महीने पहले चार बच्चों की मां बनी थी. उसके अचानक गायब हो जाने से उसके बच्चे भी परेशान हैं और परिवार को उनकी हालत देखकर दुख होता है.

दो साल पहले भूखी हालत में घर आई थी बबली

बिल्ली के मालिक कमल किशोर ने बताया कि करीब दो साल पहले एक रात बबली उनके घर के बाहर दिखाई दी थी. वह काफी भूखी लग रही थी. परिवार ने उसे दूध पिलाया, जिसके बाद वह घर के अंदर आ गई.

Advertisement

कमल किशोर के अनुसार उसी दिन से बबली परिवार के बच्चों के साथ घुल-मिल गई और देखते ही देखते घर का हिस्सा बन गई. परिवार ने उसके खाने-पीने और रहने की पूरी व्यवस्था कर दी.

उन्होंने बताया कि बबली कभी किसी को परेशान नहीं करती थी और बेहद प्यार से परिवार के साथ रहती थी. यही वजह थी कि धीरे-धीरे उसका परिवार से भावनात्मक लगाव बढ़ता चला गया.

चार बच्चों को जन्म देने के बाद हुई गायब

कमल किशोर ने बताया कि करीब तीन महीने पहले बबली के व्यवहार में बदलाव दिखाई देने लगा था. वह अक्सर किसी सुरक्षित जगह की तलाश करती नजर आती थी.

जब परिवार ने ध्यान दिया तो पता चला कि वह मां बनने वाली है. इसके बाद उसके लिए घर में सुरक्षित जगह तैयार की गई. कुछ समय बाद उसने चार बच्चों को जन्म दिया.

परिवार बच्चों की देखभाल में जुटा हुआ था कि अचानक एक रात बबली घर से बाहर चली गई और फिर वापस नहीं लौटी. पहले लगा कि वह कुछ समय बाद लौट आएगी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला.

पोस्टर लगवाए, 5 हजार रुपये का इनाम घोषित

बबली के नहीं मिलने पर परिवार ने उसकी तलाश तेज कर दी. आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई और लोगों से जानकारी मांगी गई.

Advertisement

जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने उसकी तस्वीर वाले पोस्टर छपवाकर कई जगह लगवाए. साथ ही यह घोषणा भी की कि जो व्यक्ति बबली के बारे में सही जानकारी देगा, उसे 5 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा.

कमल किशोर का कहना है कि उनका मुख्य उद्देश्य बबली को सुरक्षित वापस घर लाना है. उन्हें उम्मीद है कि कोई न कोई उसकी जानकारी जरूर देगा.

'बच्चे मां को ढूंढ रहे हैं'

बिल्ली की मालकिन कविता ने बताया कि बबली के गायब होने के बाद घर का माहौल पूरी तरह बदल गया है. उसके बच्चे लगातार अपनी मां को तलाशते रहते हैं.

कविता का कहना है कि हो सकता है किसी ने बबली को पकड़कर कहीं और छोड़ दिया हो या फिर वह रास्ता भटक गई हो. परिवार ने आसपास की लगभग सभी जगहों पर उसकी तलाश की, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है.

उन्होंने कहा कि बबली सिर्फ एक पालतू जानवर नहीं थी, बल्कि परिवार का हिस्सा थी. उसकी गैरमौजूदगी आज भी महसूस होती है. परिवार को उम्मीद है कि बबली सुरक्षित होगी और एक दिन वापस अपने बच्चों और परिवार के पास लौट आएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »