राम मंदिर चढ़ावा चोरी: जांच के लिए SIT को मिला एक और महीने का समय

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी को उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महीने का अतिरिक्त समय दिया है. उधर, मुख्य आरोपी टिन्नू यादव और मनीष यादव की 39 घंटे की रिमांड के दौरान वाहन, निवेश और संपत्ति से जुड़े अहम सुराग मिले हैं. पुलिस वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है.

Advertisement
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में 8 लोगों को किया जा चुका है गिरफ्तार. (Photo: ITG) राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में 8 लोगों को किया जा चुका है गिरफ्तार. (Photo: ITG)

कुमार अभिषेक

  • लखनऊ,
  • 21 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:24 AM IST

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महीने का अतिरिक्त समय दे दिया है. एसआईटी ने जांच पूरी करने के लिए सरकार से अतिरिक्त समय की मांग की थी, जिसे मंजूरी मिल गई है. अब टीम तय समय के भीतर अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट तैयार करेगी. इस बीच सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद एसआईटी के पुनर्गठन की भी तैयारी शुरू हो गई है.

Advertisement

नई एसआईटी को लीड कर सकते हैं किरण एस 
अदालत ने मामले की जांच किसी वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में कराने की सलाह दी है. ऐसे में आईबी, सीबीआई और एनआईए जैसी केंद्रीय एजेंसियों में काम कर चुके वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी किरण एस नई एसआईटी की कमान संभाल सकते हैं. सूत्रों के मुताबिक नई एसआईटी में तीन आईपीएस अधिकारियों को शामिल किया जाएगा, जबकि वर्तमान टीम में मौजूद आईएएस अधिकारियों को हटाया जा सकता है. जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह बदलाव किया जा रहा है.

बताया जा रहा है कि नई एसआईटी अपनी जांच रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को नहीं, बल्कि सीधे सुप्रीम कोर्ट को सौंपेगी. माना जा रहा है कि इससे जांच प्रक्रिया अधिक स्वतंत्र और पारदर्शी होगी व मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सकेगी. 

Advertisement

इधर, अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और उसके भतीजे मनीष यादव की 39 घंटे की पुलिस रिमांड पूरी हो गई है. रिमांड के दौरान अयोध्या पुलिस और क्षेत्राधिकारी (अयोध्या) आशुतोष तिवारी की टीम ने दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की, जिसमें कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने का दावा किया जा रहा है.

टिन्नू यादव की पत्नी के नाम पर रजिस्टर्ड है कंपनी
सूत्रों के अनुसार पूछताछ में यह जानकारी मिली है कि टिन्नू यादव ने कथित रूप से चढ़ावा चोरी से अर्जित धन का उपयोग वाहन खरीदने और शेयर मार्केट में निवेश करने के लिए किया. पुलिस ने उसके कब्जे से एक अर्टिगा कार और एक रॉयल एनफील्ड बुलेट भी बरामद की है. बरामद वाहनों का वीडियो भी सामने आया है. इस बहुचर्चित मामले में अब तक आठ आरोपियों में से छह की पुलिस पहले ही रिमांड ले चुकी है. पूछताछ और कार्रवाई के दौरान पुलिस नकदी, आभूषण और कई वाहन बरामद कर चुकी है.

वहीं, मुख्य आरोपी टिन्नू यादव और मनीष यादव की रिमांड भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय से स्वीकृत होने के बाद पुलिस ने उनसे कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पूछताछ की. सूत्रों के मुताबिक जांच में यह भी सामने आया है कि टिन्नू यादव की पत्नी के नाम से एक फर्म पंजीकृत है, जिसके माध्यम से व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की गईं. इसके अलावा उसके बेटे रवि यादव के नाम पर सहादतगंज क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त और शेयर बाजार में निवेश के संबंध में भी जानकारी मिली है. पुलिस इन तथ्यों के वित्तीय पहलुओं की गहन जांच कर रही है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »