राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी बनाए गए अनुकल्प मिश्रा ने करीब दो साल पहले 40 लाख रुपये का नया घर खरीदा था. इसी बीच आज तक की टीम उसके अयोध्या स्थित घर पहुंची. टीम ने घर का बाहर से वॉकथ्रू किया और अनुकल्प की बहन से बातचीत की. अनुकल्प मिश्रा अयोध्या के कौशलपुरी इलाके में रहता है.
आज तक की टीम जब उसके घर पहुंची तो अंदर लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला. हालांकि, अनुकल्प की बहन ने दरवाजे के अंदर से ही अपना पक्ष रखा. बहन ने कहा कि उनके भाई को झूठे मामले में फंसाया जा रहा है. साथ ही उसने बताया कि यह मकान उन्होंने करीब दो साल पहले खरीदा था.
बहन ने चाची के आरोपों पर भी दिया बयान
वहीं अनुकल्प मिश्रा की चाची नेहा मिश्रा द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी बहन ने प्रतिक्रिया दी. बहन ने कहा कि नेहा मिश्रा हमारी कोई नहीं हैं. हमारे चाचा ने उनसे करीब 10 साल पहले शादी की थी. उनके साथ हमारा मुकदमा चल रहा है, इसलिए वह चाहती हैं कि हम लोग फंस जाएं. वह यहां रहती भी नहीं हैं और हमारा उनसे कोई लेना-देना नहीं है.
आपको बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच जारी है और एफआईआर में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. शनिवार को ही पुलिस टीम राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में गिरफ्तार टिन्नू यादव के अयोध्या के दुर्गापुरी कॉलोनी स्थित हॉस्टल में पहुंची. जहां कमरे से 20 लाख रुपए बरामद हुए. गिरफ्तारी के बाद टिन्नू यादव को पुलिस उसके हॉस्टल लेकर आई थी.
4 पुलिस वालों के साथ टिन्नू यादव को हॉस्टल लाया गया था. टिन्नू यादव और उसके भतीजे मनीष यादव के पास से पुलिस ने लगभग 23 लाख रुपए की बरामदगी दिखाई है. गुरुवार देर रात टिन्नू यादव की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को सुबह पुलिस टिन्नू यादव को लेकर उसके हॉस्टल पहुंची थी. टिन्नू यादव के इस हॉस्टल में दो कमरे में ही तलाशी के दौरान 20 लाख बरामद हुए.
सिमर चावला