उत्तर प्रदेश के पीलीभीत टाइगर रिजर्व (PTR) में बोटिंग के दौरान पर्यटकों के सामने उस समय रोमांचक और डरावनी स्थिति पैदा हो गई, जब एक बाघ पानी में उतरकर उनकी नाव की दिशा में बढ़ने लगा. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और वन्यजीव प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
जानकारी के अनुसार, शेरपुर कस्बे के निवासी सलमान खान अपने परिवार के साथ बीते शुक्रवार को पीलीभीत टाइगर रिजर्व घूमने पहुंचे थे. परिवार ने पहले जंगल सफारी का आनंद लिया और बाद में चूका क्षेत्र स्थित शारदा सागर डैम में बोटिंग करने पहुंचा. इसी दौरान उनकी नजर डैम के किनारे मौजूद एक बाघ पर पड़ी.
अचानक बाघ पानी में उतर गया
परिवार के सदस्य बाघ को देखकर उत्साहित हो गए और उसका वीडियो बनाने लगे. तभी अचानक बाघ पानी में उतर गया और नाव की दिशा में बढ़ने लगा. वीडियो में बाघ को पानी चीरते हुए पर्यटकों की नाव की ओर आते देखा जा सकता है. यह नजारा देखकर नाव में सवार लोगों के होश उड़ गए. एक तरफ सामने बाघ था तो दूसरी ओर डैम का गहरा पानी, जिससे परिवार के सदस्यों में दहशत फैल गई.
पर्यटक सलमान खान ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ बोटिंग कर रहे थे, तभी बाघ दिखाई दिया. उन्होंने कहा, 'हम लोग बाघ का वीडियो बना रहे थे. अचानक वह पानी में उतरकर हमारी तरफ बढ़ने लगा. हम सभी काफी डर गए थे.' हालांकि कुछ दूरी तक आने के बाद बाघ वापस लौट गया और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में बाघों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, यह संभवतः 'मॉक चार्ज' की स्थिति थी, जिसमें बाघ चेतावनी देने के लिए आगे बढ़ता है, लेकिन हमला नहीं करता.
बताया जा रहा है कि चूका क्षेत्र के आसपास एक बाघिन अपने दो शावकों के साथ मौजूद है और वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला बाघ संभवतः उन्हीं शावकों में से एक हो सकता है. घटना के बाद वन विभाग ने पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए नावों को किनारों से दूर रखने के निर्देश दिए हैं और जंगल तथा जलाशय क्षेत्रों में वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है.
हालांकि पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघों का दिखाई देना सामान्य बात है, लेकिन बोटिंग के दौरान किसी बाघ का नाव की ओर बढ़ना बेहद दुर्लभ घटना मानी जा रही है.
सौरभ पांडे