लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाकर लूटते थे, नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 4 बदमाशों को दबोचा, 2 को लगी गोली

नोएडा के सेक्टर-63 में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 2 बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए.

Advertisement
नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. (Photo: ITG) नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. (Photo: ITG)

अंशुल सिंह

  • नोएडा,
  • 02 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:19 AM IST

नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया. चारों आरोपी लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाते थे और फिर सुनसान रास्तों पर ले जाकर उनसे लूटपाट करते थे.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक बीती रात थाना सेक्टर-63 पुलिस की टीम सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक आते दिखाई दिए.

पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी रुकने के बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे. पुलिस टीम ने उनका पीछा किया. बहलोलपुर अंडरपास से आगे ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई.

घायल बदमाशों की पहचान दिल्ली निवासी विकास उर्फ कालू और नोएडा के बसई निवासी राजेश उर्फ ढेडा के रूप में हुई है. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस ने इनके कब्जे से एक-एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इनके पास से बरामद बुलेट मोटरसाइकिल थाना फेस-3 में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित है.

Advertisement

वहीं बदमाशों के दो अन्य साथी शंकर शर्मा और कपिल कश्यप को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया. इनके कब्जे से एक-एक अवैध चाकू और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है. यह मोटरसाइकिल थाना सेक्टर-49 में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित बताई गई है.

पुलिस के मुताबिक चारों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं. ये आम लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाते थे और फिर उनके साथ लूटपाट कर उन्हें सुनसान रास्तों पर छोड़कर फरार हो जाते थे.

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, विकास पर 22, राजेश पर 18 और शंकर पर 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. इनमें लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं. पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »