जिला अस्पताल के ICU में मरीज का मर्डर, पेशेंट के अटेंडेट ने रात 3 बजे पीट-पीटकर ले ली जान

मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल के ICU में भर्ती एक मरीज की कथित तौर पर दूसरे मरीज के तीमारदार ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. मामूली विवाद से शुरू हुई घटना ने अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है.

Advertisement
जिला अस्पताल के ICU में मरीज का मर्डर (Photo: itg) जिला अस्पताल के ICU में मरीज का मर्डर (Photo: itg)

संदीप सैनी

  • मुजफ्फरनगर,
  • 14 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:46 AM IST

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के सरकारी अस्पताल में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती एक 45 साल के मरीज की कथित तौर पर दूसरे मरीज के तीमारदार ने मारपीट कर हत्या कर दी. घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पूरे मामले की जांच जारी है.

Advertisement

महिला मरीज के तीमरदार ने किया हमला

जानकारी के अनुसार, मृतक रमेश पाल लीवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित था और इलाज के लिए जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती था. उसी वार्ड में कमला देवी नाम की एक बुजुर्ग महिला भी सांस संबंधी बीमारी के चलते भर्ती थीं. आरोप है कि रविवार देर रात किसी बात को लेकर कमला देवी के बेटे संजय और रमेश पाल के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि संजय ने रमेश पाल के साथ मारपीट कर दी.

नाक पर लगी गंभीर चोट 

परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान रमेश पाल की नाक पर गंभीर चोट लगी. हालत बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू से इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया गया, लेकिन सोमवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

Advertisement

मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी संजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना के क्रम और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही की भी जांच की जा सके.

सीसीटीवी फुटेज से होगी बारीकी से जांच

इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिली थी कि जिला अस्पताल में भर्ती रमेश पाल के साथ रात करीब तीन बजे दूसरे मरीज के परिजनों द्वारा मारपीट की गई थी. बाद में उनकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

एएसपी ने कहा कि आईसीयू वार्ड के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है. जांच के दौरान यदि अस्पताल प्रबंधन या सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

 

 
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »