'... मजाक बनाकर रख दिया है', कानपुर देहात DM से फोन पर बोले योगी के मंत्री राकेश सचान; रात्रि चौपाल से गायब थे अधिकारी

कानपुर देहात के कठेटी गांव में आयोजित रात्रि चौपाल में उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों की शिकायतें सुनने पहुंचे कैबिनेट मंत्री राकेश सचान को कई विभागों के जिम्मेदार अधिकारी नदारद मिले. इस पर गहरी नाराजगी जताते हुए मंत्री ने सीधे जिलाधिकारी को फोन मिलाकर कड़ा रुख अपनाया.

Advertisement
यूपी के मंत्री और भोगनीपुर से विधायक राकेश सचान (Photo- Screengrab) यूपी के मंत्री और भोगनीपुर से विधायक राकेश सचान (Photo- Screengrab)

तनुज अवस्थी

  • कानपुर देहात ,
  • 16 जून 2026,
  • अपडेटेड 3:30 PM IST

उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और भोगनीपुर से विधायक राकेश सचान सोमवार रात अपनी विधानसभा क्षेत्र के कठेटी गांव में आयोजित रात्रि चौपाल में पहुंचे थे. वहां बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान की उम्मीद लेकर आए थे. चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने राजस्व विभाग से जुड़ी कई गंभीर शिकायतें मंत्री के सामने रखीं. जब मंत्री ने शिकायतों के निस्तारण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को ढूंढा, तो वहां केवल एक कानूनगो मौजूद मिला, जबकि एसडीएम, तहसीलदार और अन्य राजस्व अधिकारी अनुपस्थित थे. अधिकारियों की इस लापरवाही पर मंत्री बेहद नाराज हो गए.

Advertisement

मंत्री ने सीधे डीएम को मिलाया फोन

अधिकारियों की गैरमौजूदगी देखकर मंत्री राकेश सचान ने मौके से ही जिलाधिकारी कपिल सिंह को फोन कर दिया और पूरी स्थिति की जानकारी दी. मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं और उन्होंने इस चौपाल को मजाक बनाकर रख दिया है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब गांव में पंचायत चल रही है और राजस्व विभाग का कोई सक्षम अधिकारी ही मौजूद नहीं है, तो लोगों की शिकायतों का समाधान आखिर कैसे होगा.

भ्रष्टाचार की शिकायतों पर नहीं था कोई जिम्मेदार

मंत्री राकेश सचान ने जिलाधिकारी से बातचीत में यह भी कहा कि चौपाल में आए ग्रामीणों द्वारा भ्रष्टाचार और पैसे लेकर भी काम न करने जैसी गंभीर शिकायतें की जा रही हैं. दुखद बात यह है कि इन शिकायतों को दर्ज करने और उनका तत्काल समाधान निकालने वाला कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं है. फोन पर मंत्री के तेवर देख जिलाधिकारी ने मामले में तुरंत जवाब तलब करने और निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की बात कही.

Advertisement

गैरहाजिर अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

इस पूरी असहज स्थिति के बाद मंत्री ने जिलाधिकारी को अधिकारियों की अनुपस्थिति का कारण तत्काल पता लगाने और की गई कार्रवाई की जानकारी देने को कहा है. इसके साथ ही उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि भविष्य में होने वाली सभी चौपालों में संबंधित विभागों के सभी अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए. इस घटना के बाद से इलाके में प्रशासनिक कार्यप्रणाली और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर चर्चाएं काफी तेज हो गई हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »