यूपी के मथुरा जिले के थाना जमुनापार क्षेत्र स्थित पानीगांव में पैसों के लेन-देन के विवाद में बेखौफ दबंगों ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. पुराने मुकदमे में हुए खर्च के तगादे को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई. इसके बाद कार सवार युवकों ने भागने की कोशिश में सामने खड़ी मां-बेटी को कार के बोनट पर बैठाकर गाड़ी दौड़ा दी.
आरोपी दोनों महिलाओं को काफी दूर घसीटते हुए ले गए और मांट रोड पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए. इस दौरान मां-बेटी घायल हो गईं और पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. मामले में पुलिस ने रिएक्ट किया है.
रुपयों के तगादे को लेकर हुआ था विवाद
मामले की जड़ एक साथ लड़े जा रहे मुकदमे में हुए खर्च के पैसों का लेन-देन है. एक पक्ष दूसरे पक्ष के घर जाकर पैसों का तगादा कर रहा था, जिसके बाद देखते ही देखते विवाद बेहद उग्र हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. जब विपक्षी पक्ष वहां से भागने की कोशिश करने लगा, तो उन्होंने तेजी से कार भगा दी. इसी दौरान वादी पक्ष की दो महिलाएं कार के बोनट पर आ गईं और दबंग उन्हें घसीटते हुए ले गए.
पुलिस ने दर्ज किया केस, दो आरोपी गिरफ्तार
सीओ सदर मथुरा वरुण मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए वादी की तहरीर पर तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया गया था. जांच के बाद मामले में धारा 307 भादवि / 109(1) बीएनएस की वृद्धि की गई है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार सवार आरोपी युवकों प्रेम और पुनीत को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
मदन गोपाल शर्मा