प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 22 फरवरी को मेरठ मेट्रो के उद्घाटन के बाद नमो भारत ट्रेन का एक वीडियो वायरल हुआ है. मेरठ के बेगमपुल स्टेशन के पास ट्रेन में सफर कर रहे कुछ यात्रियों ने मुस्लिम युवकों की मौजूदगी में 'जय हिंद', 'वंदे मातरम' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए.
सफर के दौरान लोग 'थैंक यू मोदी जी' और 'हर हर महादेव' कहते हुए भी सुने गए. यह घटना ट्रेन के भीतर हुई जब बेगमपुल स्टेशन आने वाला था और नारेबाजी के बाद सभी लोग वहां उतर गए. सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं.
वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर यूजर्स दो धड़ों में बंट गए हैं. कुछ लोगों का दावा है कि मुस्लिम यात्रियों को देखकर जानबूझकर नारेबाजी की गई. वहीं, कुछ अन्य यूजर्स का कहना है कि जब देशभक्ति के नारे लग रहे थे, तब मुस्लिम युवक चुपचाप खड़े थे. वीडियो में देखा जा सकता है कि बेगमपुल स्टेशन आते ही 'हर हर महादेव' के नारों के साथ भीड़ ट्रेन से बाहर निकल जाती है.
उद्घाटन के बाद का बताया जा रहा वीडियो
माना जा रहा है कि यह वीडियो 22 तारीख का है, जिस दिन मेरठ मेट्रो का उद्घाटन हुआ था और बेगमपुल स्टेशन आम जनता के लिए खोला गया था. हालांकि, इस वायरल क्लिप को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है. फिलहाल, यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है.
उस्मान चौधरी