छोटे से गांव की माधवी ने कैसे बदली अपनी किस्मत, अब करोड़पति दीदी बनने का लक्ष्य

जैविक मिर्च के अचार के कारोबार के जरिए माधवी ने न सिर्फ अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की, बल्कि दूसरी महिलाओं को भी रोजगार की राह दिखाई. अब माधवी और उनके समूह की महिलाओं का लक्ष्य करोड़पति दीदी बनना है.

Advertisement
 जैविक अचार के कारोबार से बदली जिंदगी (Photo-ITG) जैविक अचार के कारोबार से बदली जिंदगी (Photo-ITG)

राजेश सिंघल

  • हाथरस,
  • 23 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:41 PM IST

मेहनत, लगन और आत्मनिर्भर बनने का जज्बा हो, तो छोटी-सी शुरुआत भी बड़ी सफलता की राह खोल सकती है. उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की सासनी तहसील के रुदायन गांव की रहने वाली माधवी चौधरी इसकी मिसाल हैं. पार्वती स्वयं सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने अपने हुनर को रोजगार में बदला और जैविक मिर्च के अचार के कारोबार से अपनी पहचान बनाई.
 
सिलाई और ब्यूटीशियन के काम से शुरुआत करने वाली माधवी आज दूसरी महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं. अब उनका लक्ष्य लखपति दीदी से आगे बढ़कर करोड़पति दीदी बनना है.

Advertisement

स्वयं सहायता समूह से शुरू हुआ आत्मनिर्भरता का सफर

माधवी चौधरी के आत्मनिर्भर बनने की कहानी  2016 में पार्वती स्वयं सहायता समूह के गठन के साथ शुरू हुई, एक एनजीओ के माध्यम से गठित इस समूह से जुड़ी महिलाओं ने हर महीने 100 रुपये की बचत करना शुरू किया. कुछ समय बाद समूह को 15 हजार रुपये का रिवॉल्विंग फंड (आरएफ) मिला. समूह की सहमति से इस राशि का इस्तेमाल माधवी ने अपने सिलाई और ब्यूटीशियन के हुनर को रोजगार में बदलने के लिए किया.

इस तरह उन्होंने कम पूंजी के साथ अपना काम शुरू किया और धीरे-धीरे आमदनी बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाए.

जैविक मिर्च के अचार के कारोबार से बढ़ी आमदनी

करीब दो साल बाद स्वयं सहायता समूह को 1.10 लाख रुपये की सहायता राशि मिली, इसके बाद समूह की महिलाओं ने मिलकर जैविक मिर्च का अचार बनाने का कारोबार शुरू किया. इस पहल ने महिलाओं के लिए रोजगार का एक नया अवसर तैयार किया.

Advertisement

समूह की कुछ महिलाओं ने भैंस खरीदकर दूध और डेयरी व्यवसाय भी शुरू किया. सिलाई, ब्यूटीशियन के काम, अचार निर्माण और डेयरी जैसी गतिविधियों के जरिए महिलाओं ने अपनी आमदनी बढ़ाने का प्रयास किया, इससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी मदद मिली.

बच्चों की पढ़ाई पर दिया विशेष ध्यान

माधवी चौधरी ने अपने काम से होने वाली आमदनी का इस्तेमाल परिवार की जरूरतों और बच्चों की शिक्षा के लिए भी किया. उनके तीनों बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, उनका बड़ा बेटा इंटरमीडिएट में है, जबकि दूसरा बेटा केंद्रीय विद्यालय में और सबसे छोटा बेटा केएल जैन स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ रहा है.

माधवी की कहानी बताती है कि आर्थिक आत्मनिर्भरता महिलाओं को अपने परिवार की जरूरतें पूरी करने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए प्रयास करने का अवसर भी देती है. 

लखपति दीदी के रूप में मिली पहचान

अचार के कारोबार में सफलता और अपने कार्यों के लिए माधवी चौधरी को लखपति दीदी के रूप में सम्मानित किया गया. उन्हें कई प्रशस्ति पत्र भी मिले. वर्ष 2022 में उन्हें भारतीय किसान संघ में जिला महिला प्रमुख का दायित्व सौंपा गया, संगठन के विभिन्न मंचों पर भी उनके कार्यों को सम्मान मिला.

उनकी उपलब्धियां इस बात का उदाहरण हैं कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को न केवल रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद करते हैं, बल्कि उन्हें सामाजिक स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर भी देते हैं.

Advertisement

अब करोड़पति दीदी बनने का लक्ष्य

लखपति दीदी के रूप में पहचान बनाने के बाद अब माधवी चौधरी और स्वयं सहायता समूह की अन्य महिलाओं ने करोड़पति दीदी बनने का लक्ष्य तय किया है, इसके लिए वे अपने काम को आगे बढ़ाने और आमदनी के अवसर बढ़ाने की दिशा में प्रयास कर रही हैं.

माधवी चौधरी का सफर बताता है कि छोटी-छोटी बचत, सामूहिक सहयोग और अपने हुनर के सही इस्तेमाल से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बनने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं. उनकी कहानी उन महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपना रोजगार शुरू करना और परिवार के साथ समाज की प्रगति में योगदान देना चाहती हैं. 
 

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »