13 फीट ऊंची दीवार फांदकर घुसे बदमाश... लखनऊ में रॉड से पूरी फैमिली को किया लहूलुहान, फिर की लूटपाट

यूपी की राजधानी लखनऊ की ये कहानी डरा देने वाली है. रात के करीब दो बजे का वक्त था. घर में सभी लोग सो रहे थे. तभी 13 फीट ऊंची दीवार फांदकर कुछ बदमाश घर के अंदर दाखिल हुए. घर में किराना व्यापारी, उनकी पत्नी और बेटी पर रॉड से हमला कर दिया. पूरी फैमिली लहूलुहान होकर चीख पड़ी. वहीं बदमाश घर में लूटपाट करते रहे.

Advertisement
अस्पताल में भर्ती है पूरी फैमिली, नाजुक बताई जा रही हालत. (Photo: ITG) अस्पताल में भर्ती है पूरी फैमिली, नाजुक बताई जा रही हालत. (Photo: ITG)

अंकित मिश्रा

  • लखनऊ,
  • 26 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:19 AM IST

राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया. अमराई गांव के बजरंग चौराहे के पास रहने वाले किराना व्यापारी उमेश चंद्र के घर में देर रात करीब दो बजे बदमाश घुस गए. लूट के इरादे से घुसे बदमाशों ने पूरे परिवार पर लोहे की रॉड और लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

घर में घुसने के बाद बदमाशों ने व्यापारी, उनकी पत्नी और बेटी को मरणासन्न होने तक पीटा और घर में रखी नकदी व जेवरात समेटकर रफूचक्कर हो गए. गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

Advertisement

यहां देखें Video

पीड़ित व्यापारी के बेटे दीपक का कहना है कि बहन सीमा दो दिन पहले ही आई थी. शुक्रवार रात अलमारी वाले कमरे में सो रही थी, जबकि माता-पिता बाहर के कमरे में थे. रात करीब दो बजे बदमाश गमछे और रस्सी के सहारे 13 फीट ऊंची दीवार फांदकर सीधे अलमारी वाले कमरे में दाखिल हुए.

आहट पाकर सीमा की नींद खुल गई. उसने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उसके सिर और चेहरे पर लोहे की रॉड से कई वार कर उसे लहुलूहान कर दिया. बेटी की चीख सुनकर पिता उमेश चंद्र पहुंच गए. इस दौरान बदमाशों ने उनके सिर पर रॉड से 25 से ज्यादा वार कर दिए. घायल होने के बावजूद बुजुर्ग व्यापारी करीब एक घंटे तक बदमाशों से भिड़े रहे.

यह भी पढ़ें: वर्दी में डकैती! झांसी में तीन सिपाहियों ने गैंग बनाकर कारोबारी के मुंशी से लूटे ₹24.90 लाख, गिरफ्तारी के बाद VIP ट्रीटमेंट

Advertisement

इस दौरान व्यापारी की पत्नी शांति देवी पर भी बदमाशों ने लाठी और रॉड से हमला कर दिया. तीनों के बेसुध होकर गिरते ही बदमाश अलमारी खंगालकर लाखों का माल समेटकर भाग निकले. डॉक्टरों के मुताबिक, हमले में उमेश चंद्र के सिर पर 50 और उनकी पत्नी शांति देवी को 40 टांके आए हैं.

घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी ईस्ट डॉ. दीक्षा शर्मा और अपर पुलिस उपायुक्त अमोल मुर्कुट भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. परिजनों का आरोप है कि चौकी महज दो किलोमीटर दूर होने के बावजूद सूचना देने के आधा घंटे बाद पुलिस पहुंची.

इस मामले में लापरवाही सामने आने पर डीसीपी ने बड़ा एक्शन लिया है. नाइटर अफसर के रूप में तैनात दारोगा नागेंद्र कुमार और महिला कॉन्स्टेबल दिव्या को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. जांच में सामने आया कि महिला सिपाही को पीआरवी से सूचना मिल चुकी थी, लेकिन उसने दूसरी टीम को तुरंत अलर्ट नहीं किया.

डीसीपी दीक्षा शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है. बदमाशों की धरपकड़ के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »