लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क के पास भीषण एक्सीडेंट: 100 की रफ्तार में बुलेट, एक पहिये पर स्टंट और खत्म हो गई जिंदगी! खौफनाक VIDEO

लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क के पास 100 की रफ्तार में बुलेट से स्टंट कर रहे SDO के 17 वर्षीय बेटे नैतिक की सड़क हादसे में मौत हो गई. बिना हेलमेट और बिना नंबर प्लेट की बाइक चला रहा किशोर स्कूटी से टकराकर डिवाइडर से जा भिड़ा, जिसका लाइव वीडियो साथी के कैमरे में कैद हो गया.

Advertisement
लखनऊ एक्सीडेंट का वीडियो वायरल (Photo- Screengrab) लखनऊ एक्सीडेंट का वीडियो वायरल (Photo- Screengrab)

समर्थ श्रीवास्तव / अंकित मिश्रा

  • लखनऊ ,
  • 16 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:01 AM IST

लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार में रविवार सुबह बाइक (बुलेट) से स्टंट कर रहा पॉवर कॉर्पोरेशन के एसडीओ का बेटा स्कूटी से टकरा गया. इसके बाद डिवाइडर से जा भिड़ा. इस भीषण हादसे में उसकी मौत हो गई. वहीं, उसका भाई और स्कूटी सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

मूलरूप से बाराबंकी के कोठी सरायमीर के रहने वाले एसडीओ राम इकबाल नोएडा में तैनात हैं. उनका बेटा नैतिक (17) भाई पारस और मां के साथ गोमतीनगर विस्तार के विशेष खंड में रहता था. रविवार सुबह नैतिक बाइक से भाई पारस के साथ जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने 100 से अधिक रफ्तार में बाइक दौड़ा रहा था. तभी वह पार्क के गेट नंबर पांच के सामने एक पहिये के बल पर स्टंट करने लगा और सामने से आ रही स्कूटी से टकरा गया.

Advertisement

10 मीटर घिसटती चली गई बाइक

टक्कर इतनी तेज थी कि नैतिक की बाइक अनियंत्रित हो गई और करीब दस मीटर तक वह भाई के साथ घिसटते हुए सड़क किनारे डिवाइडर से जा भिड़ा. हेलमेट नहीं पहनने के कारण नैतिक का सिर डिवाइडर से टकराकर फट गया. वहीं, पारस और स्कूटी सवार आदित्य श्रीवास्तव व कृष्ण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना से अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने चारों को अस्पताल पहुंचाया. वहां नैतिक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं, तीन अन्य घायलों की हालत गंभीर देख उन्हें भर्ती कर लिया गया.

कैम रिकॉर्डर में कैद हुई घटना

पूरी घटना नैतिक के साथ स्पोर्ट बाइक से स्टंट कर रहे साथी के हेलमेट पर लगे कैम रिकॉर्डर में कैद हो गई थी. हादसे में वह भिड़ते हुए बचा था. वहीं नैतिक की बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी.

Advertisement

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार सुधीर अवस्थी ने 'आज तक' को बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है. फिलहाल घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है.

जांच में पता चला है कि जिस बुलेट से हादसा हुआ उस पर नंबर प्लेट नहीं थी जिससे अंदेशा है कि बाइक हाल ही में की गई थी. पुलिस के मुताबिक, मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 18 साल के कम उम्र के नाबालिग को गियर वाली बाइक चलाने की अनुमति नहीं है. 16 से 18 वर्ष के किशोर केवल 50 सीसी तक के बिना गियर वाले वाहन ही चला सकते हैं, वह भी लाइसेंस के साथ. नाबालिग के हाथ में वाहन देने पर अभिवाहक को 25 हजार का जुर्माना और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है.

नहीं कराया पोस्टमाॅर्टम, गांव में हुआ अंतिम संस्कार

नैतिक के पास मिले मोबाइल से पुलिस ने घटना की जानकारी उसके घरवालों को दी. पुलिस के कहने के बावजूद पोस्टमाॅर्टम के लिए मना करते हुए घरवाले नैतिक का शव लेकर शाम को बाराबंकी गांव चले गए. वहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement