उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. मोहनलालगंज इलाके में एक महिला और उसके नेत्रहीन बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई. बेटे का शव जानवरों को खाना देने वाले नांद में मिला, जबकि महिला की लाश कमरे में पड़ी थी. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
दो शादियां, दोनों पतियों की मौत
यह घटना मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के सिसेंडी में सोमवार देर रात की है. मिनी सचिवालय के पास स्थित एक मकान से मां-बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतकों की पहचान 45 साल की रेशमा और उसके 18 साल के नेत्रहीन बेटे शादाब के रूप में हुई है. रेशमा ने दो शादियां की थीं और दोनों ही पतियों की मौत हो चुकी है. वह अपने नेत्रहीन बेटे शादाब के साथ सिसेंडी में रहती थी.
जानकारी के मुताबिक, पहले पति की मौत के बाद रेशमा ने सिसेंडी निवासी इकबाल से दूसरा निकाह किया था. कुछ समय पहले इकबाल की भी मौत हो गई थी, जिसके बाद रेशमा अपने बेटे के साथ उसी घर में रह रही थी. फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
'दरवाजे पर कोई लात मार रहा है...'
रिश्तेदार शब्बू के मुताबिक सोमवार शाम करीब 7:30 बजे उनकी शादाब से फोन पर बात हुई थी. हालचाल पूछने के बाद उन्होंने रेशमा के बारे में पूछा तो शादाब ने बताया कि वह मसाला लेने गई हैं. शब्बू ने बताया कि बातचीत के दौरान शादाब ने कहा कि दरवाजे पर कोई लात मार रहा है. थोड़ी देर बाद उसने कहा कि शायद कुत्ता होगा. इस पर उसे दरवाजा खोलकर देखने को कहा गया.
'दरवाजा खुलने के बाद ऑफ हो गया फोन'
इसके बाद दरवाजा खुलने की आवाज आई और फोन कट गया. जब दोबारा कॉल की गई तो मोबाइल स्विच ऑफ मिलने लगा. रात करीब 9:30 बजे तक शादाब का फोन चालू नहीं हुआ तो पास में रहने वाले मनीष नाम के युवक को घर भेजा गया. मनीष ने बताया कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है. इसके बाद पास में रहने वाली सकीना को बुलाया गया, तब घटना का पता चला.
नांद में शादाब का लाश और कमरे में मां की
रेशमा की बहन अफसाना ने बताया कि सूचना मिलने के बाद जब वह घर पहुंचीं तो देखा कि शादाब का शव जानवरों को खाना देने वाले नांद में मिला, जबकि रेशमा की लाश कमरे में पड़ी थी. उन्होंने आशंका जताई कि रेशमा के साथ कुछ गलत हुआ है.
दो बच्चों की भी पहले ही मौत
परिजनों के मुताबिक, रेशमा के तीन बच्चे थे- सोहेल, शबनम और शादाब. सोहेल और शबनम की मौत पहले ही हो चुकी है, जबकि शादाब उनके साथ रहता था. रेशमा के पहले पति जावेद (यासीनगंज निवासी) और दूसरे पति इकबाल की भी मौत हो चुकी है.
इस मामले में अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी बसंत कुमार रल्लापल्ली ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि सिसेंडी इलाके में मां-बेटे की हत्या कर दी गई. मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो कोई मसला क्लियर नहीं हुआ. पुलिस की चार टीमें लगाई है. दोनों के गले पर कसे जाने के निशान मिले हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
अंकित मिश्रा