शादी के बाद पति-पत्नी के बीच झगड़े होने लगे. बात इतनी बढ़ी कि पत्नी मायके आकर रहने लगी. उसने वापस ससुराल जाने से मना कर दिया. आरोप है कि इसी बात से नाराज पति चाकू लेकर ससुराल पहुंच गया. वहां उसने पत्नी के परिवार के लोगों पर हमला कर दिया. हमले में सास, साली और 15 साल का साला गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले की है. तीनों घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. सास और साली की हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. घटना के बाद से आरोपी पति की तलाश की जा रही है. मामला ललितपुर के सदर कोतवाली इलाके के लेड़ियापुरा मोहल्ले का है. यहां रहने वाली 22 साल की मिताली ने चौबयाना मोहल्ले के रहने वाले मोंटी नामदेव से लव मैरिज की थी.
शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच घरेलू बातों को लेकर झगड़े होने लगे. विवाद बढ़ा तो मिताली अपने मायके लौट आई. वह वापस पति के साथ रहने को तैयार नहीं थी. आरोप है कि पत्नी के इस फैसले से मोंटी नाराज था. इसी नाराजगी में वह 5 नवंबर को चाकू लेकर अपने ससुराल पहुंच गया.
सास, साली और नाबालिग साले पर चाकू से हमला
आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद मोंटी ने वहां मौजूद लोगों पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में मिताली की मां 45 वर्षीय मोती, बहन 20 वर्षीय बिपांसी और 15 साल का भाई घायल हो गए. हमले के बाद तीनों खून से लथपथ हो गए. परिवार और आसपास के लोगों की मदद से उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने सास और साली की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. घायल नाबालिग साले का इलाज ललितपुर में चल रहा है.
यह भी पढ़ें: 'मेरा भाई तुम्हारी वजह से मरा है' कहकर पत्नी पर हमला, अहमदाबाद में सरेआम चाकूबाजी से मचा हड़कंप
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायलों और परिवार के लोगों से जानकारी जुटाई है. आरोपी मोंटी नामदेव की तलाश की जा रही है. ललितपुर के एएसपी कालू सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस कार्रवाई में जुटी है. वहीं, मिताली ने भी इस मामले में अपना बयान दिया है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि हमले के वक्त क्या हुआ था और विवाद किस बात पर बढ़ा. पत्नी के मायके में रहने से नाराजगी को हमले की वजह बताया जा रहा है. पुलिस की जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.
मनीष सोनी