उत्तर प्रदेश के कौशांबी में कथित गोमांस बरामदगी के मामले में सराय अकिल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है. मामले में गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई. सूचना थी कि पनारा गोपालपुर गांव में एक घर के भीतर कथित गोमांस लाकर पकाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: पहले अपहरण, फिर गला घोंटकर हत्या... कौशांबी में नाबालिग प्रेमिका की हत्या से सनसनी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर में छापेमारी की. पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दौरान चार पुरुष मौके से फरार हो गए, जबकि घर में मौजूद तीन महिलाओं को हिरासत में ले लिया गया.
घर से कच्चा और पका हुआ गोमांस बरामद होने का दावा
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान घर से करीब एक किलोग्राम कच्चा और एक किलोग्राम पका हुआ कथित गोमांस बरामद हुआ. बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई.
पूछताछ में महिलाओं ने पुलिस को बताया कि मांस घर के पुरुष सदस्य बाहर से लेकर आए थे. उसमें से कुछ हिस्सा पकाया जा रहा था, जबकि बाकी बाद में उपयोग के लिए रखा गया था. पुलिस ने बरामद सामग्री को जांच के लिए सुरक्षित रखा है और मामले की आगे की जांच जारी है.
तीनों महिलाओं के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
डीएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं की पहचान शमा परवीन, शाईस्ता और फातिमा के रूप में हुई है. तीनों पनारा गोपालपुर गांव की निवासी हैं.
बरामदगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तीनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
गिरफ्तार महिलाओं को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है.
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान चार पुरुष मौके से भागने में सफल रहे. उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने कहा कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक वैधानिक कदम उठाए जाएंगे.
अखिलेश कुमार