यूपी के कानपुर में गुरुवार की दोपहर एक रिटायर्ड शिक्षक की पत्नी की घर में हत्या कर दी गई. घटना उस समय हुई, जब महिला घर में अकेली थी. उनके पति दवा लेने बाहर गए हुए थे. इसी दौरान एक अज्ञात युवक घर में घुसा, महिला का गला घोंट दिया और धारदार वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया. इसके बाद आरोपी घर से नकदी और जेवर समेटकर फरार हो गया.
करीब एक घंटे बाद जब पति घर लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला. अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि पत्नी का शव खून से लथपथ पड़ा है. घर का सामान अस्त-व्यस्त था और अलमारियों के लॉकर टूटे हुए थे. यह देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई.
जांच की गई तो पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में एक युवक गमछा ओढ़े दोपहर 1:16 बजे घर में घुसता दिख रहा है. करीब 55 मिनट बाद 2:10 बजे वह बाहर निकलता नजर आया. अंदर जाते समय वह खाली हाथ था, लेकिन बाहर निकलते वक्त उसके पास एक बैग था. फुटेज में एक महिला की मौजूदगी भी संदिग्ध रूप में दर्ज हुई है.
यह भी पढ़ें: बागपत: ट्रक ड्राइवरों की हत्या कर लूटपाट करने वाला इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर, हाईवे पर खौफ बन चुका था संदीप
पुलिस ने मृतका की पहचान कल्याणपुर स्थित आवास विकास की रहने वाली 53 वर्षीय निर्मला सिंह के रूप में की है. उनके पति हरेंद्र कुमार सिंह हाल ही में एक इंटर कॉलेज से रिटायर हुए थे. दंपति घर में अकेले रहते थे, जबकि उनकी दो बेटियां शादीशुदा हैं. बेटा हैदराबाद में नौकरी करता है.
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक, घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है. मौके से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और डॉग स्क्वॉड को भी लगाया गया है. पूछताछ के लिए घर की नौकरानी और एसी सर्विस के लिए आए दो मैकेनिकों को हिरासत में लिया गया है.
शुरुआती जानकारी में पता चला है कि वारदात से कुछ समय पहले ही नौकरानी घर से निकली थी और उसी दिन एसी की सर्विस भी कराई गई थी. पुलिस घर से जुड़े सभी लोगों की गतिविधियों की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द इस हत्या और लूट की घटना का खुलासा किया जाएगा.
सिमर चावला