पति दवा लेने गए, पीछे से घर में घुसा कातिल... रिटायर्ड शिक्षक की पत्नी की हत्या, लूटकर आरोपी फरार

कानपुर में सनसनीखेज वारदात ने इलाके में हड़कंप मचा दिया. रिटायर्ड शिक्षक दवा लेने घर से बाहर निकले थे. उनकी पत्नी घर में अकेली थीं. तभी एक युवक घर में घुसा, महिला की बेरहमी से हत्या की और नकदी-जेवर समेटकर फरार हो गया. जब पति लौटे, तो घर का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.

Advertisement
खून से लथपथ मिला शव, बिखरा था घर का सामान. (Photo: Screengrab) खून से लथपथ मिला शव, बिखरा था घर का सामान. (Photo: Screengrab)

सिमर चावला

  • कानपुर,
  • 24 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:33 PM IST

यूपी के कानपुर में गुरुवार की दोपहर एक रिटायर्ड शिक्षक की पत्नी की घर में हत्या कर दी गई. घटना उस समय हुई, जब महिला घर में अकेली थी. उनके पति दवा लेने बाहर गए हुए थे. इसी दौरान एक अज्ञात युवक घर में घुसा, महिला का गला घोंट दिया और धारदार वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया. इसके बाद आरोपी घर से नकदी और जेवर समेटकर फरार हो गया.

Advertisement

करीब एक घंटे बाद जब पति घर लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला. अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि पत्नी का शव खून से लथपथ पड़ा है. घर का सामान अस्त-व्यस्त था और अलमारियों के लॉकर टूटे हुए थे. यह देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई.

जांच की गई तो पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में एक युवक गमछा ओढ़े दोपहर 1:16 बजे घर में घुसता दिख रहा है. करीब 55 मिनट बाद 2:10 बजे वह बाहर निकलता नजर आया. अंदर जाते समय वह खाली हाथ था, लेकिन बाहर निकलते वक्त उसके पास एक बैग था. फुटेज में एक महिला की मौजूदगी भी संदिग्ध रूप में दर्ज हुई है.

यह भी पढ़ें: बागपत: ट्रक ड्राइवरों की हत्या कर लूटपाट करने वाला इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर, हाईवे पर खौफ बन चुका था संदीप

Advertisement

पुलिस ने मृतका की पहचान कल्याणपुर स्थित आवास विकास की रहने वाली 53 वर्षीय निर्मला सिंह के रूप में की है. उनके पति हरेंद्र कुमार सिंह हाल ही में एक इंटर कॉलेज से रिटायर हुए थे. दंपति घर में अकेले रहते थे, जबकि उनकी दो बेटियां शादीशुदा हैं. बेटा हैदराबाद में नौकरी करता है.

डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक, घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है. मौके से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और डॉग स्क्वॉड को भी लगाया गया है. पूछताछ के लिए घर की नौकरानी और एसी सर्विस के लिए आए दो मैकेनिकों को हिरासत में लिया गया है.

शुरुआती जानकारी में पता चला है कि वारदात से कुछ समय पहले ही नौकरानी घर से निकली थी और उसी दिन एसी की सर्विस भी कराई गई थी. पुलिस घर से जुड़े सभी लोगों की गतिविधियों की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द इस हत्या और लूट की घटना का खुलासा किया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement