चलती ट्रेन से कहां गायब हो गई प्रज्ञा सिंह? पति के साथ सोई थी, रात में नींद खुली तो ट्रेन में नहीं मिली

देहरादून से महानंदा एक्सप्रेस में पति के साथ लौट रही प्रज्ञा सिंह रहस्यमय तरीके से ट्रेन से लापता हो गईं. दोनों ट्रेन के एक ही कोच में अपनी-अपनी सीट पर सोए थे, बीच में पति मनीष अग्रहरि की आंख खुली तो पत्नी सीट से गायब थी. काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला. महिला के मोबाइल की आखिरी लोकेशन लक्सर में रेलवे ट्रैक किनारे मिली है. पुलिस प्रज्ञा की तलाश में जुटी है.

Advertisement
चलती ट्रेन से प्रज्ञा सिंह के लापता होने से घर वाले परेशान है (Photo ITG) चलती ट्रेन से प्रज्ञा सिंह के लापता होने से घर वाले परेशान है (Photo ITG)

चांदनी क़ुरैशी

  • लक्सर ,
  • 11 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:56 AM IST

देहरादून से घर लौट रहे दंपति की यात्रा अचानक ऐसे रहस्य में बदल जाएगी, किसी ने सोचा भी नहीं था. रातभर साथ सफर कर रहे पति की जब नींद खुली तो पत्नी सीट से गायब थी. पहले लगा शायद वॉशरूम गई होगी, लेकिन कुछ मिनट बाद ही घबराहट ने डर का रूप ले लिया. पूरी ट्रेन छान मारी गई, यात्रियों से पूछा गया, हर कोच देखा गया लेकिन पत्नी का कोई पता नहीं चला. बाद में मोबाइल की आखिरी लोकेशन रेलवे ट्रैक किनारे मिली तो परिवार के होश उड़ गए.

Advertisement

यह मामला कानपुर के नौबस्ता निवासी, हाल निवासी ग्रेटर नोएडा, मनीष अग्रहरि और उनकी पत्नी प्रज्ञा सिंह से जुड़ा है. दोनों केदारनाथ धाम की यात्रा कर लौट रहे थे. परिवार के मुताबिक दर्शन के बाद दोनों देहरादून पहुंचे और वहां से महानंदा एक्सप्रेस में सवार होकर दिल्ली होते हुए घर लौट रहे थे. रात में दोनों ट्रेन में सोए थे. 

उठा तो पत्नी सीट पर नहीं थी…

मनीष अग्रहरि के मुताबिक, जब ट्रेन मुजफ्फरनगर पहुंचने वाली थी, तभी उनकी आंख खुली. उन्होंने देखा कि पत्नी प्रज्ञा सीट पर नहीं हैं. शुरुआत में उन्हें लगा कि वह शायद वॉशरूम गई होंगी. उन्होंने इंतजार किया, लेकिन काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटीं तो बेचैनी बढ़ गई. मनीष तुरंत अपनी सीट से उठे और पूरे कोच में तलाश शुरू की. आसपास बैठे यात्रियों से पूछा, ट्रेन के दूसरे डिब्बों में जाकर देखा, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली. कुछ देर बाद ट्रेन के अंदर ही अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया. पति का कहना है कि प्रज्ञा बिना बताए कहीं नहीं जाती थीं. उनके पास न ज्यादा पैसे थे और न कोई दूसरा साधन. ऐसे में अचानक गायब हो जाना परिवार को डरा रहा है.

Advertisement

मोबाइल की आखिरी लोकेशन ने बढ़ाई टेंशन

मामला उस वक्त और गंभीर हो गया जब प्रज्ञा के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन सामने आई. परिवार के मुताबिक मोबाइल की अंतिम लोकेशन लक्सर के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिली. इसके बाद फोन बंद हो गया. यही जानकारी मिलने के बाद परिवार की चिंता कई गुना बढ़ गई. मनीष अग्रहरि तुरंत लक्सर पहुंचे और पुलिस से मदद मांगी. लक्सर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है.

मेरी दुनिया उजड़ गई है…

पत्नी की तलाश में भटक रहे मनीष ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और डीजीपी से पत्नी को सुरक्षित ढूंढने की गुहार लगाई है. रोते हुए मनीष ने कहा, पुलिस मेहनत कर रही है, लेकिन मेरी दुनिया उजड़ गई है. समझ नहीं आ रहा वो कहां होगी, किस हालत में होगी. हर मिनट डर लग रहा है. परिवार का कहना है कि प्रज्ञा कभी अकेले सफर नहीं करती थीं. ऐसे में उनका अचानक गायब होना कई सवाल खड़े कर रहा है.

रेलवे ट्रैक से लेकर CCTV तक… हर एंगल पर जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए लक्सर पुलिस और रेलवे पुलिस दोनों जांच में जुट गई हैं. रेलवे ट्रैक के आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया गया है. साथ ही ट्रेन के रूट में आने वाले स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. हालांकि जांच में एक बड़ी दिक्कत भी सामने आई है. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक कई कैमरे खराब हैं, जिसकी वजह से फुटेज ठीक से नहीं मिल पा रही. कैमरों का डेटा रिकवर करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि फिलहाल हर एंगल से जांच की जा रही है. यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि प्रज्ञा ट्रेन से खुद उतरीं, किसी हादसे का शिकार हुईं या मामला कुछ और है.

Advertisement

परिवार को फिर लक्सर बुलाया गया

इस मामले में प्रज्ञा के मौसेरे भाई ने बताया कि परिवार फिलहाल दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में था. इसी दौरान लक्सर पुलिस का फोन आया और कुछ जरूरी जानकारी के लिए परिवार को दोबारा कोतवाली बुलाया गया. परिवार को उम्मीद है कि पुलिस जांच में जल्द कोई बड़ा सुराग मिलेगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement