देश की सीमा पर पिता ड्यूटी निभा रहे हैं, लेकिन घर में बैठे बच्चे आज भी बिजली का इंतजार कर रहे हैं. कानपुर देहात से सामने आई एक बच्ची की अपील सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है. अकबरपुर के कृष्णा नगर में रहने वाली आयत छठी कक्षा की छात्रा हैं. इस बच्ची के दो वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए हैं.
वीडियो में वह सीधे जिला अधिकारी से कहती है, डीएम अंकल, मैं एक सैनिक की बेटी हूं. मेरे पापा नागालैंड में देश की सेवा कर रहे हैं. हमारा घर आपके आवास के बहुत पास है, लेकिन आज तक बिजली का कनेक्शन नहीं मिला. गर्मी में बहुत दिक्कत होती है, हम ठीक से पढ़ भी नहीं पाते. कृपया हमारे घर में बिजली लगवा दीजिए.
यहां देखें Video...
मासूम बच्ची की यह अपील देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. वीडियो में न कोई आरोप है, न गुस्सा... सिर्फ एक बच्ची की उम्मीद है कि शायद उसकी बात प्रशासन तक पहुंच जाए. आयत की मां आसमा खान बताती हैं कि परिवार कई महीनों से बिजली कनेक्शन के लिए प्रयास कर रहा है. उनके पति भारतीय सेना में तैनात हैं और फिलहाल नागालैंड में ड्यूटी कर रहे हैं. जब भी छुट्टी पर घर आते हैं, बिजली विभाग के चक्कर लगाते हैं, लेकिन हर बार कोई न कोई वजह बताकर मामला टाल दिया जाता है.
यह भी पढ़ें: 'आई मिस यू मम्मी...', निमिषा प्रिया की बेटी की भावुक अपील, यमन में फांसी के मामले में माफी की गुहार
आसमा के मुताबिक, उन्होंने 24 अप्रैल 2026 को नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था. उनका आरोप है कि इसके बावजूद आज तक कनेक्शन नहीं दिया गया. परिवार को बताया गया कि करीब 82 हजार रुपये का एस्टीमेट जमा करना होगा. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इतनी बड़ी रकम जुटा पाना उनके लिए आसान नहीं है. जिस घर में बिजली नहीं है, उसके ठीक पास बिजली का खंभा लगा हुआ है. यानी लाइन मौजूद है, लेकिन कनेक्शन नहीं.
आसमा बताती हैं कि मजबूरी में उन्होंने सोलर पैनल लगवा रखा है, लेकिन उससे सिर्फ सीमित जरूरतें ही पूरी हो पाती हैं. बादल होने या धूप कम रहने पर वह भी जवाब दे देता है. ऐसे में बच्चों की पढ़ाई सबसे ज्यादा प्रभावित होती है. गर्मी में रात भर पंखा नहीं चलता, जिससे बच्चों की नींद भी पूरी नहीं हो पाती.
उन्होंने कहा कि मेरे पति देश की सेवा कर रहे हैं, लेकिन हमारा परिवार यहां बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए परेशान है. घर में बिजली से चलने वाले सामान हैं, लेकिन बिजली ही नहीं है. बच्ची का वीडियो वायरल होने के बाद मामला जिला प्रशासन तक भी पहुंच गया. जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में आया है. वह बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता से रिपोर्ट लेकर जांच कराएंगे और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
तनुज अवस्थी