स्कूटी में टक्कर मारी, फिर गले से खींच ली चेन... पत्नी के साथ मंदिर जा रहे थे रिटायर्ड अफसर, CCTV से पकड़े गए आरोपी

कानपुर में एक रिटायर्ड अफसर और उनकी पत्नी स्कूटी से मंदिर जा रहे थे. रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मारी, फिर महिला के गले से चेन झपट ले गए. इस दौरान बुजुर्ग कपल सड़क पर गिरकर घायल हो गए. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इलाके के CCTV कैमरों को खंगाला. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चेन बरामद कर ली गई है.

Advertisement
चलती स्कूटी पर मारा था झपट्टा. (Photo: Screengrab) चलती स्कूटी पर मारा था झपट्टा. (Photo: Screengrab)

रंजय सिंह

  • कानपुर,
  • 04 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:58 PM IST

यूपी के कानपुर में सुबह-सुबह मंदिर जा रहे एक बुजुर्ग कपल के साथ चेन लूट की वारदात हो गई. घटना DCP ईस्ट ऑफिस से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई. बाइक पर आए दो युवकों ने पहले उनकी स्कूटी में टक्कर मारी और फिर महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए. झटके में स्कूटी का बैलेंस बिगड़ा और बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े. दोनों को चोटें आईं. पुलिस ने केस दर्ज किया. इसके बाद इलाके के CCTV कैमरों को खंगालना शुरू किया और दोनों कथित चेन स्नैचरों को पकड़ लिया है.

Advertisement

घटना 2 अक्टूबर की सुबह करीब 6:20 बजे की है. कृष्णा नगर निवासी नीलम जैन अपने पति त्रिभुवन जैन के साथ स्कूटी से जनरलगंज स्थित जैन मंदिर जा रही थीं. त्रिभुवन एचसीसीएफ में डिप्टी मैनेजर के पद से रिटायर हैं. सुबह दोनों घर से मंदिर के लिए निकले थे. लेकिन सीओडी पुल से उतरने के बाद हनुमान मंदिर के पास उनकी स्कूटी के पीछे एक सफेद बाइक आ गई.

बाइक पर दो युवक सवार थे. पुलिस के मुताबिक, दोनों युवकों ने बुजुर्ग कपल की स्कूटी में टक्कर मारी. इससे दोनों सड़क पर गिर गए. इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने नीलम जैन के गले पर झपट्टा मारा और उनकी सोने की चेन छीन ली. अचानक हुए इस हमले में नीलम जैन को भी चोट आई. घटना के बाद उनका मेडिकल कराया गया. लूट के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए.

Advertisement

यह भी पढ़ें: शाहजहांपुर में एनकाउंटर: लूट और चेन स्नैचिंग करने वाले जुड़वां भाई पैर में गोली लगने से घायल, एक सिपाही भी जख्मी

वारदात की सूचना पुलिस को दी गई. इसके बाद रेल बाजार पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. कई कैमरों की फुटेज देखने के बाद पुलिस को एक ऐसा CCTV फुटेज मिला, जिसमें दोनों संदिग्ध नजर आए. पुलिस ने CCTV फुटेज और दूसरे सुरागों की मदद से दोनों आरोपियों की पहचान की. इसके बाद पुलिस ने योगेश उर्फ अंकित कश्यप और दानिश को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के मुताबिक, दोनों के कब्जे से बुजुर्ग महिला से छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई. एसीपी प्रियंका चतुर्वेदी के मुताबिक, चेन स्नैचिंग की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शामिल दानिश के खिलाफ चकेरी थाने में वर्ष 2023 में भी गंभीर धाराओं में केस दर्ज है. दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है और उन्हें कोर्ट के सामने पेश किया जा रहा है. यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों ने इससे पहले ऐसी कितनी वारदातों को अंजाम दिया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »