कानपुर में भूमिपूजन को लेकर भाजपा और सपा समर्थकों में हिंसक भिड़ंत, स्कूल बना जंग का मैदान

कानपुर के परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में भूमिपूजन को लेकर बीजेपी और सपा समर्थकों के बीच बड़ा विवाद हो गया. निर्माण कार्य की तारीख और अधिकार को लेकर शुरू हुआ मामला देखते ही देखते मारपीट और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया. पुलिस ने मौके पर भारी बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया.

Advertisement
भूमिपूजन की तारीख को लेकर शुरू हुआ विवाद. (Photo: Screengrab) भूमिपूजन की तारीख को लेकर शुरू हुआ विवाद. (Photo: Screengrab)

सिमर चावला

  • कानपुर ,
  • 13 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:19 PM IST

कानपुर के परमट इलाके में स्थित प्राथमिक विद्यालय बुधवार को उस समय राजनीतिक टकराव का केंद्र बन गया, जब भाजपा और सपा समर्थक आमने-सामने आ गए. मामला विद्यालय परिसर में प्रस्तावित निर्माण कार्य के भूमिपूजन को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. जानकारी के अनुसार, आर्यनगर विधानसभा से सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी की विधायक निधि से विद्यालय में तीन कमरों के निर्माण का प्रस्ताव है.

Advertisement

वहीं सांसद रमेश अवस्थी की सांसद निधि से स्मार्ट क्लास रूम और बाउंड्रीवाल बनाने की योजना है. इसी को लेकर दोनों पक्षों में भूमिपूजन की तारीख को लेकर विवाद शुरू हो गया. सपा विधायक की ओर से 15 मई को भूमिपूजन की घोषणा की गई थी, जबकि सांसद पक्ष की ओर से 14 मई को स्मार्ट क्लास निर्माण के भूमिपूजन का संदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया.

बुधवार सुबह विवाद तब बढ़ गया जब आरोप है कि सपा समर्थक विद्यालय परिसर में मजदूरों से नींव की खुदाई करवा रहे थे. इसी दौरान भाजपा नेता सुरेश अवस्थी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और काम रुकवा दिया. आरोप है कि उन्होंने मजदूरों और ठेकेदारों को वहां से हटा दिया. सपा पक्ष ने आरोप लगाया कि इस दौरान मजदूरों और ठेकेदारों के साथ मारपीट भी की गई.

Advertisement

नारेबाजी और धक्का-मुक्की से बिगड़ा माहौल

इसके बाद विधायक अमिताभ बाजपेयी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी, तीखी बहस और धक्का-मुक्की होने लगी. इसी दौरान आरोप लगा कि भाजपा नेता सुरेश अवस्थी ने सपा विधायक से पैर छूने की बात कही और कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा चप्पल दिखाने की भी घटना सामने आई. इससे माहौल और ज्यादा गरमा गया.

तनाव बढ़ने पर मामला मारपीट तक पहुंच गया. मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन हंगामा जारी रहा. इसी दौरान सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी और एसीपी चित्रांशु गौतम के बीच तीखी बहस भी हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में विधायक पुलिस पर भाजपा का पक्ष लेने का आरोप लगाते नजर आ रहे हैं.

एसीपी और विधायक की बहस का वीडियो वायरल

विवाद बढ़ने पर पुलिस ने विधायक को डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव के कार्यालय ले जाया गया. इसके बाद सपा नेताओं नसीम सोलंकी, पूर्व विधायक इरफान सोलंकी और छावनी विधायक मुहम्मद हसन रूमी भी समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए. स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर पूरे इलाके को नियंत्रित किया. प्रशासन ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement