उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से सरकारी स्कूल की व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में एक सरकारी स्कूल के हेड शिक्षक ड्यूटी के दौरान क्लास रूम में आराम से सोते हुए दिखाई दे रहे हैं. वहीं दूसरी ओर कक्षा में मौजूद बच्चे मोबाइल चलाने में व्यस्त नजर आ रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि बच्चे जिस मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह शिक्षक का ही मोबाइल है.
जानकारी के अनुसार, यह मामला कन्नौज जिले के उमर्दा ब्लॉक के शिकरौरी गांव स्थित एक कंपोजिट विद्यालय का है. यहां जितेंद्र मिश्रा हेड अध्यापक के पद पर तैनात हैं. बताया जा रहा है कि वह बच्चों को पढ़ाने के लिए क्लास रूम में पहुंचे थे. इसी दौरान उन्हें नींद आने लगी और वह क्लास में ही लेटकर आराम करने लगे. कुछ ही देर में वह गहरी नींद में सो गए.
वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
शिक्षक के सो जाने का फायदा उठाकर कक्षा में मौजूद बच्चे मोबाइल चलाने लगे. वायरल वीडियो में भी कुछ बच्चे मोबाइल देखते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि शिक्षक पास में सो रहे हैं. दावा यह भी किया जा रहा है कि बच्चों के हाथ में जो मोबाइल दिखाई दे रहा है, वह शिक्षक का ही है. वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह तेजी से वायरल होने लगा. वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. सरकारी स्कूलों में पढ़ाई और अनुशासन को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं.
मामले की जानकारी के लिए जब बेसिक शिक्षा अधिकारी यानी बीएसए से संपर्क करने की कोशिश की गई तो चेहल्लुम की छुट्टी होने के कारण उनसे इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी. ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि वायरल वीडियो को लेकर विभाग की ओर से कोई जांच या कार्रवाई शुरू की गई है या नहीं.
शिक्षक ने कैमरे पर आने से किया इनकार
वहीं, जब हेड शिक्षक जितेंद्र मिश्रा से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया तो उन्होंने कैमरे के सामने आने में असमर्थता जताई. फोन पर बातचीत के दौरान उन्होंने इतना ही कहा कि विभाग की कुछ ऐसी मजबूरियां हैं, जिनकी वजह से उन्हें डरना पड़ता है. हालांकि उन्होंने वायरल वीडियो के संबंध में कोई विस्तृत टिप्पणी नहीं की. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है.
नीतेश श्रीवास्तव