उत्तर प्रदेश के झांसी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने स्क्रैप कारोबारी को सस्ते सोने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की थी. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से बड़ी रकम और हथियार बरामद किए हैं.
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर ठगी का गंभीर मामला दर्ज था. बरुआसागर थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है.
यह भी पढ़ें: झांसी: चतुर्भुज पाल की मौत का जिम्मेदार कौन? अस्थियां गले में टांगकर कलेक्ट्रेट पहुंचा छोटा भाई, लगाई इंसाफ की गुहार
कैसे रचा गया 30 लाख के सोने का फर्जीवाड़ा
पीड़ित स्क्रैप कारोबारी दीपक दुबे इंदौर का रहने वाला है. वो अपने दोस्त अजय पोलाया के साथ कारोबार करता है. उनके कर्मचारी रवि परिहार ने दीपचंद कुशवाहा नाम के व्यक्ति से उनकी मुलाकात कराई थी.
आरोप है कि दीपचंद ने दावा किया कि उसके पास जमीन से निकला सोना है, जिसे वह बाजार से काफी कम कीमत में बेचना चाहता है. इसी झांसे में आकर कारोबारी फंस गए.
31 मई 2026 को आरोपी ने फोन कर 30 लाख रुपये कीमत का सोना सिर्फ 10 लाख रुपये में देने की डील तय की. भरोसा जीतने के लिए पहले एक छोटा टुकड़ा भी दिखाया गया.
पैसे लेकर फरार हुआ आरोपी, मंदिर पर हुई थी डील
डील के अनुसार, दोनों कारोबारी बरुआसागर स्थित मंसिल माता मंदिर पहुंचे, जहां आरोपी दीपचंद कुशवाहा ने उनसे 10 लाख रुपये ले लिए. उसने कहा कि वह 10 मिनट में पूरा सोना लेकर लौटेगा.
लेकिन काफी देर तक वह वापस नहीं आया. जब कॉल किया गया तो उसने धमकी देना शुरू कर दिया और फोन बंद कर दिया. इसके बाद वह फरार हो गया. पीड़ितों ने काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद बरुआसागर थाने में मामला दर्ज कराया गया.
मुठभेड़ में गिरफ्तार, कैश और हथियार बरामद
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी. बुधवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी धमना रोड पर बारई तिराहा के पास मौजूद है.
पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने भागने की कोशिश की और फायरिंग भी की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने उसके पास से 6 लाख 27 हजार रुपये नकद, एक तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा मोबाइल फोन बरामद किया है.
पुलिस ने दी जानकारी, जांच जारी
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से ठगी की वारदात को अंजाम दिया था. पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.
पुलिस ने बताया कि आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. मामले में आगे की जांच की जा रही है कि कहीं उसने इसी तरह अन्य लोगों को भी ठगा तो नहीं है.
प्रमोद कुमार गौतम