जेब से पैसे नौकरानी चुराती थी, झगड़ा जेलर और पत्नी के बीच होता था... हैरान कर देगी झांसी की ये कहानी

यूपी में झांसी जिला कारागार के जेलर के घर से नौकरानी ने करीब 6 लाख रुपये कैश और जेवरात चोरी कर लिए. चोरी करने के बाद उसने सारी चीजें अपने बॉयफ्रेंड को सौंप दीं. जब नौकरानी जेब से पैसे चुराती थी तो हर बार शक पति-पत्नी को एक-दूसरे पर होता था और बात बहस तक पहुंच जाती थी. फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
नौकरानी ने 6 लाख रुपये कैश और जेवरात किए चोरी. (Photo: ITG) नौकरानी ने 6 लाख रुपये कैश और जेवरात किए चोरी. (Photo: ITG)

अजय झा

  • झांसी,
  • 04 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 2:26 PM IST

कभी पर्स से कुछ हजार रुपये कम मिलते, कभी बैग से नोट गायब हो जाते. घर में किसी बाहरी शख्स का आना-जाना नहीं था, इसलिए चोरी का शक भी किसी पर नहीं गया. उल्टा, पैसों को लेकर पति-पत्नी के बीच ही बहस होने लगी. लेकिन जब अलमारी से एक साथ लाखों रुपये और जेवर गायब हुए, तब कहानी ने ऐसा मोड़ लिया कि शक सीधे उस महिला पर गया, जो पिछले छह महीने से उसी घर में खाना बना रही थी.

Advertisement

यह मामला उत्तर प्रदेश के झांसी का है. यहां जिला कारागार के जेलर के सरकारी आवास में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस का कहना है कि चोरी किसी बाहर से आए चोर ने नहीं, बल्कि घर की नौकरानी ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर की थी.

दरअसल, झांसी जिला कारागार में तैनात जेलर अंजनी कुमार गुप्ता अपनी पत्नी उमा गुप्ता के साथ सरकारी आवास में रहते हैं. पिछले करीब छह महीने से मिथलेश नाम की महिला उनके घर में खाना बनाने और साफ-सफाई का काम कर रही थी. उमा गुप्ता ने पुलिस को बताया कि करीब तीन महीनों से घर से नकदी धीरे-धीरे गायब हो रही थी.

कभी उनके पति के पर्स से पैसे कम मिलते, तो कभी उनके बैग से. शुरुआत में किसी को चोरी का अंदेशा नहीं हुआ. दोनों को लगता था कि शायद दूसरे ने पैसे निकाल लिए होंगे. इसी बात पर कई बार आपस में कहासुनी भी हुई.

Advertisement

मुंबई से लौटीं तो अलमारी खाली मिली

26 जून को उमा गुप्ता अपनी बहन के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने मुंबई गई थीं. 1 जुलाई को जब वह वापस लौटीं और अलमारी खोली, तो उसमें रखे करीब 6 लाख रुपये कैश और सोने-चांदी के कीमती जेवर गायब थे.

अब सवाल था कि घर में आया कौन था? परिवार के मुताबिक, उनकी गैरमौजूदगी में घर पर सिर्फ नौकरानी आती थी. यहीं से शक की सुई मिथलेश की ओर घूम गई. शिकायत मिलते ही नवाबाद थाना पुलिस जांच में जुट गई. पुलिस का दावा है कि पूछताछ और मिले साक्ष्यों के आधार पर नौकरानी मिथलेश और उसके बॉयफ्रेंड अमित को गिरफ्तार कर लिया गया. जांच में सामने आया कि दोनों ने मिलकर चोरी की प्लानिंग की थी और चोरी का माल ठिकाने लगाने की तैयारी कर रहे थे.

यह भी पढ़ें: EXCLUSIVE: स्टाफ भर्ती के लिए ट्रस्ट से नाम के साथ बैंक को मिलती थी लिस्ट, राम मंदिर चढ़ावा चोरी में बड़ा खुलासा
 
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 2.07 लाख रुपये कैश, सोने-चांदी के कई जेवरात, चांदी के बर्तनों का सेट, कमरबंद, बिछिया, लौंग, नाक की कील, गले का लॉकेट और एक मोबाइल बरामद किया गया है. बाकी चोरी हुए सामान की तलाश अभी जारी है.

Advertisement

पुलिस का कहना है कि मिथलेश ने पहले इस परिवार का भरोसा जीता. फिर वह धीरे-धीरे घर से थोड़ी-थोड़ी नकदी निकालती रही, ताकि किसी को शक न हो. जब कई महीनों तक चोरी पकड़ में नहीं आई, तो उसने अलमारी में रखी बड़ी रकम और जेवर भी निकाल लिए. जांच के मुताबिक, चोरी का सामान उसने अपने बॉयफ्रेंड अमित को दे दिया, ताकि उसे कहीं और छिपाया जा सके. फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी की बाकी रकम और जेवर कहां हैं और क्या इस वारदात में कोई तीसरा व्यक्ति भी शामिल था.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »