झांसी: दुल्हन के स्वागत में हर्ष फायरिंग, दूल्हे के चाचा के सीने में लगी गोली; मौत से शादी वाले घर में मचा कोहराम

झांसी के डिमरौनी गांव में दुल्हन के गृह प्रवेश के दौरान हर्ष फायरिंग में दूल्हे के चाचा की मौत. नशे में धुत भाई के तमंचे से चली गोली सीने में लगी. खुशियां गम में बदलीं...

Advertisement
शादी में फायरिंग करने वाले गोपाल यादव पर केस दर्ज.(Photo:ITG) शादी में फायरिंग करने वाले गोपाल यादव पर केस दर्ज.(Photo:ITG)

प्रमोद कुमार गौतम

  • झांसी,
  • 09 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:58 PM IST

शादी के बाद विदा होकर दुल्हन सुसराल पहुंची, उसके आने पर डीजे बज रहा था सभी डांस करते हुए खुशियां मना रहे थे कि तभी हर्ष फायरिंग के दौरान एक गोली चली और दूल्हे के चाचा को जा लगी. यह देखते ही सारी खुशिया चीख-पुकार में मच गई और आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कालेज ले गए. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. 

Advertisement

यह घटना झांसी के बड़ागांव थाना इलाके के डिमरौनी गांव की है. मृतक का नाम महेश यादव पुत्र हरिसिंह यादव था. महेश यादव खेती किसानी करता था. उसकी दो बेटियां और एक बेटा है. बड़ी बेटी पूजा की शादी हो चुकी है. उससे छोटा बेटा विक्रम (19) और बेटी मुस्कान अविवाहित हैं. 

पुलिस के अनुसार, महेश के भतीजे सजेंद्र यादव की गुरुवार को शादी थी. बारात कानपुर देहात के राजपुर गांव गई थी. परिजनों के साथ महेश भी शादी में गया था. शुक्रवार दोपहर को वह घर लौट आया था. शाम होते-होते लगभग 5 बजे दूल्हा-दुल्हन घर पर पहुंचे. उनके आने पर खुशियां मनाई जा रहीं थी, घर के बाहर डीजे बज रहा था और खुशी में सब लोग नाच रहे थे. 

वहीं महेश भी खड़ा था. इसी दौरान नशे में धुत महेश का चचेरा भाई गोपाल तमंचा लेकर नाचने लगा. उसने एक राउंड फायर किया. दोबारा तमंचा लोड करते समय तमंचा नीचे गिर गया. गोपाल ने तमंचा उठाया, तभी गोली चल गई. जो सीधे महेश के सीने में जा लगी. इससे वह जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया. इसके बाद परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लाए. जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. 

Advertisement

पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी गोपाल यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंस था या अवैध.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement