जौनपुर में दूल्हे आजाद की हत्या के मामले में अब पीड़ित परिवार की तरफ से बड़ी मांग सामने आई है. बुधवार को मृतक आजाद की बहन सौम्या ने डीएम से मुलाकात की. इसके बाद मीडिया से बातचीत में उसने कहा कि इस मामले में जाति का मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए और सभी आरोपियों का फुल एनकाउंटर होना चाहिए. सौम्या ने कहा कि जिस तरह उसके भाई की हत्या की गई, उसी तरह सभी आरोपियों को भी सख्त सजा मिलनी चाहिए. उसने कहा कि सिर्फ एक आरोपी के एनकाउंटर से उसे पूरी तरह संतुष्टि नहीं मिली है. उसका कहना है कि जब तक सभी आरोपी मारे नहीं जाते, तब तक उसे न्याय नहीं मिलेगा.
रवि यादव के एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया देते हुए सौम्या ने कहा कि वह सिर्फ एक प्रतिशत संतुष्ट हुई है. उसने कहा कि बाकी आरोपियों पर भी उसी तरह कार्रवाई होनी चाहिए. सौम्या ने साफ कहा कि किसी का हाफ एनकाउंटर नहीं होना चाहिए, बल्कि सभी आरोपियों का फुल एनकाउंटर किया जाए. उसने कहा कि आरोपी कोर्ट-कचहरी क्यों जाएं. उसके मुताबिक, अगर आरोपी कोर्ट जाएंगे तो पीड़ित परिवार को भी बार-बार अदालतों के चक्कर लगाने पड़ेंगे. उसने सवाल उठाया कि अपराधियों का कौन सा संवैधानिक अधिकार है कि वे कोर्ट-कचहरी जाएं, जबकि पीड़ित परिवार लगातार दर्द झेल रहा है.
रवि यादव एनकाउंटर से सिर्फ 1 प्रतिशत संतुष्ट
सौम्या ने कहा कि एनकाउंटर को जाति के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए. उसने कहा कि रवि यादव अपराधी था इसलिए उसका एनकाउंटर हुआ और बाकी आरोपियों के साथ भी वैसी ही कार्रवाई होनी चाहिए. उसने कहा कि जब तक आरोपी जिंदा रहेंगे, तब तक उनका परिवार न्याय के लिए लड़ता रहेगा. अखिलेश यादव से मुलाकात को लेकर भी सौम्या ने बयान दिया. उसने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रमुख ने उसे चार बार बुलाया था, जिसके बाद वह उनसे मिलने गई. हालांकि उसने मुलाकात को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी.
चार बार बुलाने के बाद अखिलेश यादव से मिली सौम्या
सौम्या ने यह भी कहा कि उनका परिवार किसी बेगुनाह को नहीं फंसा रहा है. उसने दावा किया कि आरोपियों ने पहले भी उसके भाई और पिता को धमकी दी थी. उसके अनुसार करीब तीन साल पहले भी कुछ लोगों ने उसके पिता और भाई के साथ मारपीट की थी. उसने कहा कि अगर आरोपी बेगुनाह होते तो फरार क्यों रहते. परिवार प्रशासन से लगातार न्याय की मांग कर रहा है. इसी सिलसिले में वह डीएम से मिलने पहुंची थी ताकि जल्द से जल्द कार्रवाई हो सके. फिलहाल इस मामले को लेकर इलाके में चर्चा तेज है. पीड़ित परिवार की मांग और बयान के बाद एक बार फिर एनकाउंटर और कानून व्यवस्था को लेकर बहस शुरू हो गई है.
आदित्य प्रकाश भारद्वाज