उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला. अपने संबोधन में उन्होंने साल 2017 से पहले की सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कहा कि उस समय गरीबों को उनका हक नहीं मिल पाता था. मुख्यमंत्री ने कहा कि बलरामपुर कभी पिछड़े जनपदों में गिना जाता था, लेकिन डबल इंजन की सरकार आने के बाद यहां विकास की रफ्तार तेज हुई है. उन्होंने कहा कि आज बलरामपुर आकांक्षी जनपद से निकलकर विकसित जनपद की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नौ वर्ष पहले कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि सड़क, बिजली और हर घर जल जैसी परियोजनाएं इतनी तेजी से साकार हो पाएंगी. उन्होंने कहा कि आज जिले में मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और थारू संग्रहालय जैसे महत्वपूर्ण प्रकल्प साकार हुए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2007 से मथुरा घाट पर पुल की मांग की जा रही थी, लेकिन अब जाकर इसकी स्वीकृति मिल सकी है. उन्होंने कहा कि जिले में सड़कें बेहतर बनाई जा रही हैं, बाढ़ की समस्या के समाधान के लिए काम हो रहा है, बांधों की मरम्मत की जा रही है और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है. साथ ही बिजली व्यवस्था को भी लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि सरकार ने थारू जनजाति के लोगों को जमीन और आवास उपलब्ध कराने का कार्य किया है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बलरामपुर जिले में बेसिक स्कूलों में सबसे अधिक नामांकन हुआ है, जो शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का संकेत है. अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गरीबों तक राशन नहीं पहुंचता था. उनका आरोप था कि उस समय सपा के गुंडे और दलाल राशन खा जाते थे और जरूरतमंद लोगों तक उसका लाभ नहीं पहुंच पाता था. उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया है और अब पात्र लाभार्थियों को बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ मिल रहा है.
बलरामपुर को पिछड़े से विकसित जनपद बनाने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीबों को मकान, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा रही है. गांवों में आय और निवास प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं. आयुष्मान योजना के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार नौजवानों को रोजगार से जोड़ने का काम कर रही है और महिलाओं तथा बेटियों में सुरक्षा की भावना पैदा की गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास की भावना के तहत बिना भेदभाव सभी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है.
कानून व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि किसी ने बेटी को छेड़ने का दुस्साहस किया या किसी व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार किसी को अनावश्यक परेशान नहीं करती, लेकिन कानून तोड़ने वालों को छोड़ा भी नहीं जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त और गुंडा मुक्त प्रदेश के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि पहले माफियाओं से संबंध होना पहचान माना जाता था, लेकिन अब माफिया मिट्टी में मिल गए हैं.
डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाकर विपक्ष को घेरा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के लोगों को दूसरे राज्यों में अलग नजर से देखा जाता था, लेकिन आज प्रदेश की छवि बदली है. उन्होंने कहा कि अब लोग उत्तर प्रदेश के नागरिकों का सम्मान करते हैं. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने आध्यात्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास को बढ़ावा दिया है, जिससे प्रदेश की पहचान मजबूत हुई है. अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग प्रदेश को नुकसान पहुंचाने का काम करते थे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है और प्रदेश को विकास तथा सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाया गया है.
आशीष श्रीवास्तव