बेटी बनी अफसर, मां पहुंच गई थाने, DSO पर 15 लाख, फर्जीवाड़े और जमीन हड़पने का केस

सहारनपुर की रहने वाली एक महिला ने अपनी बेटी, हापुड़ में तैनात जिला पूर्ति अधिकारी सीमा चौधरी समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है. महिला का आरोप है कि बेटी ने उनके बैंक खाते का इस्तेमाल कर 15 लाख रुपये जमा कराए और फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन हड़पने की कोशिश की. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
अफसर बेटी पर 15 लाख, फर्जीवाड़े और जमीन हड़पने का केस. (Photo: ITG) अफसर बेटी पर 15 लाख, फर्जीवाड़े और जमीन हड़पने का केस. (Photo: ITG)

राहुल कुमार

  • सहारनपुर,
  • 02 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:38 PM IST

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली एक महिला ने अपनी ही बेटी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है. हापुड़ में तैनात जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) सीमा चौधरी समेत पांच लोगों के खिलाफ सहारनपुर के सरसावा थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है. यह मुकदमा सीमा चौधरी की मां मुनेश रानी की शिकायत पर 30 जून को दर्ज किया गया. पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच के बाद प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर केस दर्ज किया गया है और पूरे मामले की विवेचना की जा रही है.

Advertisement

एफआईआर में जिला पूर्ति अधिकारी सीमा चौधरी के अलावा संजीव कुमार, गंभीर, राजेंद्र राणा और नरेश कुमार को भी नामजद किया गया है. पुलिस के अनुसार सभी आरोपों की जांच की जा रही है और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. मुनेश रानी का आरोप है कि उनकी बेटी सीमा चौधरी ने गाजियाबाद स्थित आईसीआईसीआई बैंक में उनके नाम से बैंक खाता खुलवाया था. हालांकि उस खाते का संचालन वह खुद करती थी. उनका कहना है कि खाते में होने वाले किसी भी लेनदेन की जानकारी उन्हें कभी नहीं दी गई.

शिकायत के मुताबिक बिना उनकी जानकारी और अनुमति के उसी खाते में 15 लाख रुपये जमा कराए गए. उन्हें इसकी जानकारी तब मिली जब उनके मोबाइल फोन पर बैंक का संदेश आया. इसके बाद वह बैंक पहुंचीं और खाते की जानकारी ली. वहां उन्हें पता चला कि खाते में 15 लाख रुपये जमा हैं. मुनेश रानी ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी ने अपनी कथित काली कमाई को छिपाने के लिए उनके बैंक खाते का इस्तेमाल किया.

Advertisement

जमीन हड़पने की साजिश का भी आरोप

शिकायत में बैंक खाते के अलावा जमीन से जुड़ा गंभीर आरोप भी लगाया गया है. मुनेश रानी का कहना है कि सीमा चौधरी ने कथित रूप से एक भू-माफिया गिरोह के साथ मिलकर उनकी जमीन हड़पने की साजिश रची. उन्होंने आरोप लगाया कि संजीव कुमार, राजेंद्र राणा, गंभीर और नरेश कुमार के साथ मिलकर 16 सितंबर 2023 की एक फर्जी रसीद तैयार की गई. इस रसीद पर उनके जाली हस्ताक्षर किए गए. मुनेश रानी के अनुसार तहसील प्रशासन से जानकारी मिलने के बाद उन्हें इस कथित साजिश का पता चला. इसके बाद उन्होंने अपने हस्ताक्षरों की जांच कराई. जांच रिपोर्ट में हस्ताक्षर अलग बताए गए, जिससे उन्हें फर्जीवाड़े की आशंका हुई.

मुनेश रानी का कहना है कि जब उन्होंने इस पूरे मामले का विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई. उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह डर गईं और मजबूरी में अपनी जमीन देहरादून निवासी नैंसी जोशी के नाम बेचनी पड़ी. मुनेश रानी ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले 13 मई को सरसावा थाने में शिकायत दी थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की. एसएसपी के निर्देश के बाद 30 जून को शाम करीब साढ़े चार बजे सीमा चौधरी समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई.

Advertisement

जांच के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

नकुड़ क्षेत्र के सीओ पवन कुमार ने बताया कि मुनेश रानी नाम की महिला की शिकायत प्राप्त हुई थी. शिकायत की जांच कराई गई. जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने जैसे आरोप सामने आए, जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया. उन्होंने कहा कि शिकायत में महिला ने अपनी पुत्री और अन्य लोगों के खिलाफ आरोप लगाए हैं. फिलहाल पूरे मामले की विवेचना जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह मामला सहारनपुर और हापुड़ दोनों जिलों में चर्चा का विषय बना हुआ है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »