टोल टैक्स मांगने पर बवाल, कर्मचारियों से मारपीट कर बैरियर तोड़ने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के लुहारली टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के साथ मारपीट, अभद्रता और बूम बैरियर तोड़ने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी टोल टैक्स मांगने पर भड़क गए थे और कर्मचारियों को धमकाते हुए फरार हो गए थे. पुलिस ने उनके कब्जे से चार लग्जरी गाड़ियां भी बरामद की हैं.

Advertisement
CCTV से खुली दबंगों की पोल.(Photo: Arun Tyagi/ITG) CCTV से खुली दबंगों की पोल.(Photo: Arun Tyagi/ITG)

अरुण त्यागी

  • ग्रेटर नोएडा,
  • 12 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:41 PM IST

ग्रेटर नोएडा की दादरी पुलिस ने लुहारली टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के साथ मारपीट, अभद्रता और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने टोल टैक्स मांगने पर कर्मचारियों के साथ बदसलूकी की थी और बूम बैरियर तोड़कर मौके से फरार हो गए थे.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन यादव, सौरभ और आकाश के रूप में हुई है. तीनों आरोपी गाजियाबाद के बम्हैटा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस ने इन्हें मुखबिर की सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर थाना दादरी क्षेत्र के कोट गांव के पास से गिरफ्तार किया.

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन ATS परियोजना में बड़ा हादसा, 37वीं मंजिल से गिरकर दो मजदूरों की मौत

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी. घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान की और फिर उन्हें दबोचने में सफलता हासिल की.

11 जून को हुई थी वारदात

दरअसल, यह पूरा मामला 11 जून का है. पुलिस के मुताबिक, काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवक लुहारली टोल प्लाजा पहुंचे थे. जब टोल कर्मचारियों ने उनसे नियमानुसार टोल टैक्स मांगा तो वे भड़क गए.

Advertisement

आरोप है कि युवकों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. विवाद बढ़ने पर उन्होंने टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़ दिया और वहां से फरार हो गए.

घटना के दौरान टोल प्लाजा पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई.

CCTV फुटेज से मिली बड़ी मदद

घटना के बाद टोल मैनेजर ने दादरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी साफ दिखाई दे रहे थे. फुटेज और अन्य इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की.

इसके बाद पुलिस टीमों को उनकी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया. लगातार निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आखिरकार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

चार लग्जरी गाड़ियां भी बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई चार लग्जरी गाड़ियां भी बरामद की हैं. इनमें दो काले रंग की स्कॉर्पियो शामिल हैं, जिन पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी.

इसके अलावा एक नई काली थार और एक सफेद रंग की ब्रेजा कार भी बरामद की गई है. पुलिस अब इन वाहनों के दस्तावेजों और उनके इस्तेमाल की भी जांच कर रही है.

Advertisement

दादरी पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध तो नहीं है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »