गोरखपुर के रामगढ़ताल में रविवार रात दो स्पीड बोट्स की आपस में टक्कर हो गई. इस हादसे में कुशीनगर के 22 वर्षीय लखबुद्दीन की सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई, जबकि कयामुद्दीन अंसारी और एक बच्चा घायल हो गए. एक बोट में 9 और दूसरी में 6 लोग सवार थे.
प्लेटफॉर्म की ओर जा रही और वापस लौट रही बोट्स की तेज रफ्तार के कारण यह दुर्घटना हुई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू कर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने आरोपी बोट चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सैर-सपाटा पड़ा भारी, मौसेरे भाइयों में छाया मातम
मृतक की पहचान कुशीनगर के पीपरा निवासी लखबुद्दीन के रूप में हुई है. वहीं, उनका मौसेरा भाई कयामुद्दीन अंसारी और एक बच्चा अस्पताल में भर्ती हैं. डॉक्टरों के अनुसार कयामुद्दीन की हालत गंभीर बनी हुई है. हादसे के वक्त बोट में सवार बाकी अन्य लोग सुरक्षित थे, जिन्हें घर भेज दिया गया है.
बोट पलटी नहीं, तेज स्पीड से हुआ भयानक हादसा
एसपी सिटी निमिष पाटिल के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला कि बोट पलटी नहीं थी. टक्कर इतनी तेज थी कि सीधे सिर में चोट लगने से युवक की जान चली गई. पुलिस ने एक बोट चालक को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है.
डीएम ने दिए तीन दिन में जांच रिपोर्ट के आदेश
हादसे की खबर मिलते ही डीएम दीपक मीणा और एसपी सिटी अस्पताल पहुंचे. डीएम ने बताया कि चालकों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. सुरक्षा मानकों के पालन की जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई है, जिससे तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है.
गजेंद्र त्रिपाठी