Uttar Pradesh News: हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र में तीन दिन पहले एक ज्वैलर्स की दुकान पर सामान खरीदने आई युवती ने पीने के लिए पानी मांगा, जिस पर पास की परचून की दुकान से ब्रांडेड पानी की बोतल मंगवाई गई. युवती ने पानी समझकर जैसे ही बोतल से एक घूंट पिया, उसमें तेजाब या कोई अन्य अम्लीय पदार्थ होने के कारण उसे उल्टियां होने लगीं और उसकी हालत गंभीर हो गई. इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दुकानदार और सर्राफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संबंधित दुकान से ब्रांडेड पानी की बोतल का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है.
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
यह पूरी खौफनाक वारदात सर्राफ की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी. घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पीड़िता को इलाज के लिए मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है.
इस गंभीर लापरवाही या साजिश को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त चंद्र शेखर मिश्रा के निर्देश पर टीम जांच में जुट गई है कि आखिर सीलबंद ब्रांडेड बोतल के अंदर तेजाब कैसे पहुंचा.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि सुनार की दुकान पर आई लड़की ने जब पानी मांगा, तो पड़ोस की दुकान से मंगाकर दी गई बोतल से पानी पीते ही उसने उल्टी कर दी थी. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बोतल को अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए खाद्य और ड्रग विभाग से संपर्क किया है. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर दुकानदार और सर्राफ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले के स्रोत का पता लगाया जा रहा है.
देवेंद्र कुमार शर्मा