गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर सूर्या की निर्मम हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस हत्याकांड का CCTV फुटेज सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. वीडियो में कुछ युवक सूर्या को घेरकर उस पर चाकू से हमला करते दिखाई दे रहे हैं. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और मामले की जांच तेज कर दी है.
सूर्या को घेरकर घोंपा गया चाकू
जानकारी के अनुसार सूर्या की हत्या 28 मई की शाम को हुई थी. परिजनों का आरोप है कि सूर्या को उसके कुछ पुराने मुस्लिम परिचित युवकों ने बातचीत और विवाद सुलझाने के बहाने बुलाया था. जैसे ही वह तय स्थान पर पहुंचा, पहले से मौजूद युवकों ने उसे घेर लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल सूर्या को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
अब इस घटना का एक CCTV वीडियो सामने आया है, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि गली में कुछ युवक सूर्या को पकड़कर उस पर लगातार चाकू से वार कर रहे हैं. आसपास मौजूद लोग भय के कारण हस्तक्षेप नहीं कर सके. हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और सूर्या लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा रहा.
मृतक के परिवार का कहना है कि कुछ दिन पहले कॉलोनी में कुछ युवकों के साथ सूर्या की कहासुनी हुई थी. इसी विवाद को निपटाने के नाम पर उसे बुलाया गया था. परिवार का आरोप है कि हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई और इसमें कुल 7 लोग शामिल थे. परिजनों ने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित की गई हैं. कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपियों की तलाश जारी है.
पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं, सूर्या की मौत से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
अंशुल सिंह