गाजियाबाद के विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित नोवा प्लास्ट कंपनी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. कंपनी में प्लास्टिक की कुर्सियां बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और अन्य प्लास्टिक सामग्री रखी हुई थी. इसकी वजह से आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया. आग की ऊंची लपटों के साथ आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया, जिसे दूर-दूर तक देखा गया.
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. आग की भयावहता को देखते हुए एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर बुलाया गया.
दमकलकर्मियों ने आग को आसपास की औद्योगिक इकाइयों तक फैलने से रोकने के लिए मोर्चा संभाल लिया. कई दमकल गाड़ियों की मदद से लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने की कोशिश की जा रही है.
कंपनी में प्लास्टिक के कच्चे माल और अन्य ज्वलनशील सामग्री की अधिकता के कारण आग बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है. फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हैं.
आग लगने की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. दमकल विभाग की ओर से आग बुझाने के बाद ही कंपनी में हुए नुकसान का आकलन किया जा सकेगा. फिलहाल मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है.
तेलंगाना में भी फैक्ट्री में लगी भीषण आग
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के कटेदन इंडस्ट्रियल एरिया में प्लास्टिक ग्रैन्यूल बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. यह घटना मेलारदेवपल्ली थाना क्षेत्र की है. आग अचानक लगी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. फैक्ट्री से उठे काले धुएं के घने गुबार ने आसपास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते आग पास की एक प्लाईवुड बनाने वाली यूनिट तक भी फैल गई.
आग की सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया. दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हैं. शुरुआती आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आग से हुए नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है.
मयंक गौड़