उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र स्थित न्यू शांति नगर में बुधवार देर रात 23 साल के युवक की हत्या से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान मोहित के रूप में हुई है. आरोप है कि उसे जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाया गया, जहां धारदार हथियार से कई वार कर उसकी हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
जानकारी के मुताबिक, वारदात देर रात हुई. हमलावरों ने मोहित पर धारदार हथियार से लगातार हमला किया. घटनास्थल पर घर के भीतर से लेकर बाहर तक खून के निशान मिले हैं. परिजनों का आरोप है कि हत्या करने के बाद आरोपी शव को घर के बाहर फेंककर फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी. फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से कई अहम सैंपल जुटाए हैं, जिनकी जांच कराई जा रही है.
मोहित के परिजनों का कहना है कि यह हत्या अचानक नहीं, बल्कि पूरी योजना के तहत की गई. उनका आरोप है कि कुछ महीने पहले मोहित का कुछ युवकों से विवाद हुआ था. बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार उसके संपर्क में बने रहे. परिजनों के अनुसार, आरोपी मोहित को हरिद्वार और खाटू श्याम मंदिर की यात्रा पर भी अपने साथ ले गए थे. उनका दावा है कि उसी दौरान हत्या की योजना बनाई गई थी, लेकिन मौका नहीं मिल पाया.
परिजनों का आरोप है कि बुधवार रात आरोपियों ने जन्मदिन मनाने के बहाने मोहित को बुलाया और देर रात करीब तीन बजे उस पर जानलेवा हमला कर दिया. उनका कहना है कि इस वारदात में एक से अधिक युवक शामिल हो सकते हैं. उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए इसे सुनियोजित हत्या बताया है.
पुलिस ने मामले में तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
मयंक गौड़