'तुम्हारी बीवी तो...', पत्नी पर अश्लील कमेंट करने पर 2 साल में दो दोस्तों की हत्या, हैरान कर देगी मनोज की कहानी

बागपत में पत्नी पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर 2 साल में दो दोस्तों की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक मनोज ने शराब पार्टी के दौरान विवाद के बाद दोस्त पुष्पेंद्र की गला दबाकर हत्या कर दी और शव गन्ने के खेत में छोड़ दिया. वर्ष 2024 में सोनीपत में भी उस पर दोस्त योगेश की हत्या का आरोप है. बागपत में गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग में वह घायल हो गया.

Advertisement
पुलिस ने आरोपी को एनकाउंटर के बाद पकड़ा. (Photo: Screengrabs) पुलिस ने आरोपी को एनकाउंटर के बाद पकड़ा. (Photo: Screengrabs)

मनुदेव उपाध्याय

  • बागपत,
  • 13 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:27 AM IST

उत्तर प्रदेश के बागपत में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. एक शख्स पर अपनी पत्नी को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के चलते दो साल के भीतर अपने दो दोस्तों की हत्या करने का आरोप है. पहली वारदात वर्ष 2024 में हरियाणा के सोनीपत में हुई थी, जहां आरोपी ने कथित तौर पर अपने दोस्त की सरिये से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. इस मामले में जमानत पर बाहर आने के बाद अब उसका नाम बागपत में एक और दोस्त की हत्या में सामने आया है. पुलिस जब उसे पकड़ने पहुंची तो उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर भी फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

Advertisement

गन्ने के खेत में मिला युवक का शव
मामला बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र के इदरीशपुर गांव का है. यहां गन्ने के खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले बच्चों ने शव देखा और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान गांव के रहने वाले पुष्पेंद्र के रूप में हुई.

हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाई और सर्विलांस की मदद ली. जांच के दौरान मृतक के दोस्त मनोज की लोकेशन घटनास्थल के आसपास मिली. वारदात के बाद से उसके फरार होने की जानकारी सामने आने पर पुलिस का शक गहराया और उसकी तलाश तेज कर दी गई.

Advertisement

शराब पार्टी में पत्नी पर कमेंट, फिर हत्या का आरोप
पुलिस की पूछताछ के मुताबिक मनोज और पुष्पेंद्र खेत में बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान पुष्पेंद्र ने कथित तौर पर मनोज की पत्नी को लेकर भद्दी टिप्पणी कर दी. इस बात से मनोज नाराज हो गया और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. आरोप है कि गुस्से में मनोज ने पुष्पेंद्र का मुंह और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को गन्ने के खेत में छोड़कर फरार हो गया.

सोनीपत में भी इसी वजह से दोस्त की हत्या का आरोप
जांच में मनोज का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2024 में हरियाणा के सोनीपत में गार्ड की नौकरी के दौरान मनोज ने अपने दोस्त योगेश की सरिये से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. उस मामले में भी पत्नी को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी के कारण विवाद हुआ था. इस केस में मनोज और उसकी पत्नी जेल गए थे. बाद में मनोज को जमानत मिल गई थी.

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल
बागपत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मनोज भगवानपुर नांगल गांव के पास मौजूद है. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर गोली चला दी. जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. उसके कब्जे से मृतक पुष्पेंद्र का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया.

Advertisement

सीओ बड़ौत अंशु जैन के मुताबिक, दोघट थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग की गई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हुआ और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »