सज धजकर दुल्हन करती रही इंतजार, दूल्हे की प्रेमिका ने बारात में कर दिया बवाल

फतेहपुर में शादी से ठीक पहले दूल्हे की गिरफ्तारी से बारात रुक गई. हरियाणा से पहुंची युवती ने खुद को प्रेमिका बताते हुए लिव-इन में रखने और शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप लगाया. पुलिस ने मामला दर्ज कर दूल्हे को जेल भेज दिया, जबकि दुल्हन पक्ष बारात का इंतजार करता रह गया.

Advertisement
 दूल्हे की प्रेमिका ने बारात में कर दिया बवाल (Photo: Representational image) दूल्हे की प्रेमिका ने बारात में कर दिया बवाल (Photo: Representational image)

नीतेश श्रीवास्तव

  • फतेहपुर,
  • 01 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:23 PM IST

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के सखियांव गांव में बैंड-बाजे और नाच गाने के बीच चल रही बारात में हरियाणा से पहुंची एक युवती ने हंगामा शुरू कर दिया. युवती ने दूल्हे प्रेमिका होने का दावा करते हुए आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर दूल्हे ने हरियाणा में न सिर्फ उसे लिव इन रिलेशनशिप में रखा बल्कि उसके साथ दुष्कर्म भी किया. पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया. उधर दुल्हन पक्ष के लोग बारात का इंतजार करते रह गए.

Advertisement

आपको बता दें कि थरियांव थाना क्षेत्र के सखियांव (मंडा सराय) निवासी मोहित की शादी खखरेरु थाना क्षेत्र की तेंदुआ निवासी एक युवती से तय हुई और बुधवार को शादी थी. तय कार्यक्रम के अनुसार दुल्हे के घर में बारात विदा होने की रस्में चल रही थीं. इसी दौरान हरियाणा से एक युवती दूल्हे के घर पहुंच गई और हंगामा करते हुए डायल-112 पर सूचना दे दी. 

पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे मोहित को लेकर थाने आ गई. युवती ने मोहित पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि फेसबुक पर उनकी दोस्ती हुई थी. मोहित ने शादी का भरोसा देकर जनवरी 2023 से उसके साथ लिव-इन में रहते हुए संबंध बनाए और आर्थिक शोषण भी किया. 

फरवरी 2026 में फतेहपुर बुलाकर एक होटल में ठहराया और शादी का आश्वासन देकर वापस भेज दिया जिसके बाद अब वह दूसरी जगह शादी कर रहा है. उधर दुल्हन सज-धज कर बारात का इंतजार कर रही थी, जबकि मेहमान भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे. देर तक बारात न पहुंचने पर लड़की पक्ष ने फोन से जानकारी ली. मामले की जानकारी होने पर दुल्हन के परिजन थाने पहुंचे. देर रात तक दोनों पक्ष के लोग थाने में मौजूद रहे लेकिन मुकदमा लिखा जाने के बाद रिश्तेदार निराश होकर लौट गए.

Advertisement

थानाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि इस मामले में मोहित के खिलाफ बीएनएस की धारा 69 के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement