हाल ही में आए साइक्लोन अर्नब और इसके कारण अधिक पानी बरसने से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है. इस नुकसान का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से संज्ञान लिया है. उन्होंने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को तत्काल फील्ड में उतरकर फसल के नुकसान का आकलन कराने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित किसानों को मुआवजा देने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए. नुकसान का आकलन कर किसानों को तुरंत उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए.
अधिक नुकसान पर भी राहत देने के निर्देश
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि फसल की क्षति निर्धारित मुआवजे के दायरे से अधिक है तो भी किसानों को राहत दिलाने के लिए जरूरी कार्रवाई की जाए. ऐसी स्थिति में फील्ड स्तर के अधिकारी नुकसान की वास्तविक स्थिति से वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दें, ताकि प्रभावित किसानों को जरूरी सहायता मिल सके.
संवेदनशीलता के साथ करें सहायता, किसानों के साथ खड़ी है सरकार
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से फसल नुकसान के आकलन और मुआवजे की प्रक्रिया में पूरी संवेदनशीलता बरतने को कहा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार किसानों के साथ खड़ी है. सीएम ने अधिकारियों को यह भी तय करने के निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी प्रभावित किसान राहत से वंचित न रहे और नुकसान के आकलन से लेकर मुआवजा वितरण तक की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो.
aajtak.in