'क्या दिखाने लाए हैं यहां, हम क्या घूमने के लिए आए हैं इधर, इंतजाम बहुत ही अव्यवस्थित हैं... काम में तेजी लाइए', ये बातें यूपी के हापुड़ में मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने अधिकारियों से कड़क अंदाज में कहीं. दरअसल, मंगलवार को मेरठ मंडल के आयुक्त भानु चंद्र और DIG कलानिधि नैथानी ब्रजघाट में कांवड़ यात्रा की तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इस दौरान जिले की डीएम कविता मीणा, एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह और नगर पालिका की ईओ पवित्रा त्रिपाठी मौजूद थीं. लेकिन ब्रजघाट पर कमियों का अंबार था. लाइट से लेकर साफ-सफाई आदि की व्यवस्था डामाडोल थी. ये देखकर मंडलायुक्त बिफर पड़े और सबके सामने अधिकारियों को नसीहत दे डाली.
निरीक्षण के दौरान गंगा घाटों पर गंदगी और लाइट व्यवस्था में खामियां मिलने पर मंडल आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी नाराज हो गए. डीएम और एसपी की मौजूदगी में उन्होंने गढ़ नगरपालिका की (ईओ ) अधिशाषी अधिकारी पवित्रा त्रिपाठी को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, "तैयारी क्या कर रखी है आपने? यहां क्या घूमने आए हैं हम लोग? बहुत अव्यवस्थित है , लगकर काम कीजिए."
इसके बाद अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए , ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. घटना का वीडियो सामने आया है जिसमें मंडलायुक्त के कड़क तेवर देखकर अधिकारी बगले झांकते नजर आ रहे हैं.
गौरतलब है कि यूपी की पौराणिक नगरी गढ़मुक्तेश्वर में गंगा घाट पर स्थित ब्रजघाट पश्चिमी यूपी का सबसे बड़ा गंगा तट है. सावन में कांवड़िया यहां से भी गंगाजल लेकर भोले बाबा का जलाभिषेक करते हैं. जिला प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रा की तैयारियों की जमीनी हकीकत देखने मेरठ के मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी और DIG मेरठ कलानिधि नैथानी हापुड़ डीएम कविता मीणा और गढ़ नगरपालिका की अधिशाषी अधिकारी पवित्रा त्रिपाठी के साथ औचक निरीक्षण करने पहुंच गए. मगर वहां गंगाघाट के किनारे ना रोशनी का इंतजाम मिला और ना सफाई का. गंगाघाट पर सफाई की जिम्मेदारी गढ़ नगरपालिका की है. अव्यवस्था देखते ही डिविजनल कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी ईओ पर नाराज हो गए जिसपर ईओ सफाई देती नजर आईं.
देवेंद्र कुमार शर्मा