तीन दिन से लापता युवक का झाड़ियों में मिला अधजला शव, परिवार ने लगाया जिंदा जलाकर हत्या का आरोप, ग्रामीणों ने लगाया जाम

यूपी में चित्रकूट के अर्की गांव में तीन दिन से लापता युवक शिव नरेश प्रजापति का शव झाड़ियों में अधजली हालत में मिला है. परिवार का आरोप है कि युवक को पहले पीटा गया और फिर जलाकर मार दिया गया. शव मिलने के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया.

Advertisement
तीन दिनों से लापता था युवक. (Photo: ITG) तीन दिनों से लापता था युवक. (Photo: ITG)

अखिलेश कुमार सोनकर

  • चित्रकूट,
  • 07 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 9:02 AM IST

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में तीन दिन से लापता एक युवक का शव गांव से कुछ दूरी पर झाड़ियों में मिला है. शव अधजली हालत में था. इसे देखकर परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई और आरोप लगाया कि युवक को पहले पीटा गया, फिर जलाकर मार दिया गया. शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में गुस्सा फैल गया. परिवार और ग्रामीणों ने सरधुआ से अर्की जाने वाले रास्ते पर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे.

Advertisement

मामला सरधुआ थाना क्षेत्र के अर्की गांव का है. मृतक की पहचान शिव नरेश प्रजापति के रूप में हुई है. वह बीते 3 नवंबर से लापता था. परिवार के मुताबिक, तीन दिन तक उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. अब गांव से कुछ दूरी पर उसका शव मिलने से परिवार में मातम पसरा है.

परिजनों ने बताया कि 3 नवंबर की शाम शिव नरेश ने घर पर खाना खाया था. इसके बाद वह मोबाइल चला रहा था. परिवार के लोग सो गए. अगली सुबह जब वे उठे तो शिव नरेश घर पर नहीं था. उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली.

परिवार का कहना है कि इसके बाद सरधुआ थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी. परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी युवक को तलाशने में गंभीरता नहीं दिखाई गई.

Advertisement

झाड़ियों में मिला शव, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

6 नवंबर को गांव से कुछ दूरी पर झाड़ियों में शिव नरेश का शव पड़ा मिला. शव की हालत देखकर परिवार ने हत्या की आशंका जताई. परिजनों का आरोप है कि युवक के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उसे झाड़ियों में फेंककर जला दिया गया.

यह भी पढ़ें: पोते की मौत के बाद पड़ोसी ने रची पुजारी की हत्या की साजिश! तंत्र-मंत्र के शक में बेटों संग मिलकर मार डाला

परिवार ने मांग की कि पुलिस जल्द से जल्द घटना का खुलासा करे और आरोपियों को गिरफ्तार करे. गुस्साए परिजन और ग्रामीण सड़क पर बैठ गए. इससे सरधुआ से अर्की जाने वाले रास्ते पर जाम लग गया. ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. क्षेत्राधिकारी राजापुर यामीन अहमद के मुताबिक, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं. परिजनों से तहरीर लेकर केस दर्ज करने और आगे की कार्रवाई की बात कही गई है. फिलहाल यह साफ नहीं है कि शिव नरेश की मौत कैसे हुई, उसके साथ क्या हुआ और इसके पीछे किसका हाथ है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही मौत की वजह और बाकी सवालों के जवाब मिल सकेंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »