'ऑपरेशन सिंदूर' में दागी गई ब्रह्मोस मिसाइल लखनऊ की...', सिंगापुर में गरजे CM योगी आदित्यनाथ

सिंगापुर दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत की सांस्कृतिक विरासत, डिजिटल इंडिया और नए भारत की प्रगति पर जोर दिया. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर विकसित हो रहा है और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में दागी गई ब्रह्मोस मिसाइल लखनऊ से जुड़ी है. सीएम ने हर भारतीय से मातृभूमि के प्रति कर्तव्य निभाने की अपील की और कहा कि अब यूपी शांति और विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है.

Advertisement
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर दौरे पर हैं. (Photo: ITG) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर दौरे पर हैं. (Photo: ITG)

कुमार अभिषेक

  • लखनऊ,
  • 23 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 6:30 PM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर दौरे पर हैं. वहां उन्होंने अपने संबोधन के दौरान भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नए भारत की प्रगति पर विस्तार से बात की. उन्होंने कहा कि हमारे ऋषियों ने हजारों वर्ष पहले ही कहा था, 'दुर्लभं भारते जन्म, मानुष्यं तत्र दुर्लभम्', यानी भारत में जन्म लेना दुर्लभ है और मनुष्य के रूप में जन्म लेना उससे भी दुर्लभ. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर स्थापित किया गया है और छह नोड विकसित हो रहे हैं. उन्होंने बताया कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान दागी गई ब्रह्मोस मिसाइल लखनऊ से जुड़ी है और अब यह मिसाइल वहीं बनाई जा रही है.

Advertisement

सीएम ने कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर' में जो ब्रह्मोस मिसाइल दागी गई थी न, वह लखनऊ की ही है, कैसा सटीक निशाना था उसका, अच्छे-अच्छे को कंपा दिया था.'

सीएम योगी ने कहा कि हर भारतीय को इस बात पर गर्व होना चाहिए कि उसका या उसके पूर्वजों का जन्म भारत की पवित्र धरती पर हुआ. उन्होंने जोर देकर कहा कि माता और मातृभूमि का ऋण हर व्यक्ति पर होता है और जहां भी रहें, उस धरती के प्रति कृतज्ञ भाव से अपने दायित्व निभाने चाहिए.

डिजिटल इंडिया और नए भारत की सराहना
अपने संबोधन में उन्होंने दिल्ली में हुए ग्लोबल एआई इंपैक्ट समिट का जिक्र करते हुए कहा कि 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष और 100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि इसमें शामिल हुए. उन्होंने कहा कि विकसित देशों के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नए भारत द्वारा उठाए जा रहे कदमों की खुलकर प्रशंसा की और डिजिटल इंडिया विजन की ताकत को महसूस किया.

Advertisement

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज से 11 वर्ष पहले शायद ही कोई सोचता कि भारत डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप और स्टैंडअप इकोसिस्टम में इतनी तेजी से आगे बढ़ेगा, लेकिन आज भारत ने यह कर दिखाया है. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है.

वसुधैव कुटुंबकम का संदेश
सीएम योगी ने सनातन धर्म की अवधारणा 'वसुधैव कुटुंबकम' का उल्लेख करते हुए कहा कि पूरी दुनिया एक परिवार है और भारत सदियों से इसी भावना के साथ आगे बढ़ता रहा है. उन्होंने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास' का मंत्र भी इसी सामूहिकता की भावना को मजबूत करता है.

यूपी की बदली तस्वीर का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश को 'बीमारू राज्य' कहा जाता था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है. उन्होंने कहा, 'अब वह दंगों वाला यूपी नहीं है, अब उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू है, न दंगा, अब यूपी में सब चंगा है.' उन्होंने बताया कि महाकुंभ की सफलता के बाद पिछले वर्ष प्रदेश में 156 करोड़ पर्यटक आए, जो एक बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को जिस भूमि पर वह रहता है, उसके प्रति ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए, साथ ही अपनी मातृभूमि के प्रति भी समर्पित रहना चाहिए.

Advertisement

न्यूज एजेंसी से इनपुट सहित 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement