Uttar Pradesh News: बिजनौर के नजीबाबाद में 17 मई 2025 को 12वीं के छात्र फरहान ने अपनी ही स्कूल की दसवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा को एक कैफे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. आरोपी फरहान ने दोस्ती और प्यार का झांसा देकर इस वारदात को अंजाम दिया और इस दौरान पीड़िता का एक अश्लील वीडियो भी बना लिया. इस वीडियो के जरिए फरहान और उसके दोस्त हारिस ने छात्रा को ब्लैकमेल कर दोबारा संबंध बनाने का दबाव बनाया. पीड़िता के दादा की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्रेम जाल में फंसाकर कैफे में किया दुष्कर्म
नजीबाबाद निवासी छात्र फरहान ने पहले उसी स्कूल की एक नाबालिग छात्रा से दोस्ती की. धीरे-धीरे उसने छात्रा को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और उसे घुमाने ले जाने लगा. 17 मई 2025 को फरहान पीड़ित छात्रा को एक कैफे में लेकर गया, जहां उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और चोरी-छिपे उसकी अश्लील वीडियो बना ली.
दोस्त को वीडियो भेजकर शुरू की ब्लैकमेलिंग
वारदात के बाद फरहान वीडियो वायरल करने की धमकी देकर छात्रा पर दोबारा संबंध बनाने का दबाव डालने लगा. हद तो तब हो गई जब उसने यह वीडियो अपने दोस्त हारिस को भेज दी. वीडियो हाथ लगते ही हारिस ने भी छात्रा को धमकाना और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. दोनों की प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने पूरी बात अपने परिजनों को बताई.
दादा की तहरीर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
परेशान होकर छात्रा के दादा उसे लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को आपबीती सुनाई. नजीबाबाद की सीओ आकांक्षा गौतम ने बताया कि पीड़िता के दादा की तहरीर पर आरोपी छात्र फरहान और उसके दोस्त हारिस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है और जल्द ही अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
संजीव शर्मा