उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिला कारागार में उस समय हड़कंप मच गया, जब मुलाकात के लिए पहुंचीं एक महिला और उसकी बेटी तलाशी के दौरान चरस की पुड़िया के साथ पकड़ी गईं. दोनों जेल में बंद हत्या के प्रयास के आरोपी बेटे से मिलने आई थीं और कथित तौर पर उसके लिए नशीला पदार्थ लेकर पहुंची थीं.
जेल प्रशासन के मुताबिक, आरोपी फैजान अमरोहा जिले के छंगा दरवाजा इलाके का रहने वाला है. उसे हत्या के प्रयास के मामले में 6 जून को अमरोहा से बिजनौर जिला जेल लाया गया था और वह तब से न्यायिक हिरासत में बंद है.
यह भी पढ़ें: शादी की जिद बनी मौत की वजह... बिजनौर में मुंबई की नर्स सना के कत्ल की दर्दनाक कहानी
गुरुवार को फैजान की मां सन्नो और उसकी बहन परवीन उससे मुलाकात करने जेल पहुंचीं. नियमानुसार जब दोनों की तलाशी ली गई तो उनके कपड़ों में छिपाकर रखी गई चरस की पुड़िया बरामद हो गई.
पूछताछ में बोलीं- बेटा नशे का आदी है
चरस बरामद होने के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी तुरंत जेल के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली.
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों महिलाओं ने बताया कि वे अपने बेटे और भाई फैजान से मिलने आई थीं. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि बरामद चरस उसी के लिए लाई गई थी, क्योंकि वह नशे का आदी है.
इसके बाद जेल प्रशासन ने मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी. सूचना मिलते ही जेल पुलिस चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
पता लगाया जा रहा है चरस कहां से आई
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों महिलाएं चरस कहां से लेकर आई थीं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इससे पहले भी जेल के अंदर नशीला पदार्थ पहुंचाने की कोशिश की गई थी.
अधिकारियों के अनुसार, दोनों से लगातार पूछताछ की जा रही है. जांच में यह भी देखा जाएगा कि इस पूरे मामले में कोई और व्यक्ति या गिरोह तो शामिल नहीं है.
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद बरामदगी और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
जेल प्रशासन के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब मुलाकात के दौरान जेल के अंदर मादक पदार्थ पहुंचाने की कोशिश की गई हो. इससे पहले भी कई लोग तलाशी के दौरान नशीले पदार्थ छिपाकर ले जाते हुए पकड़े जा चुके हैं.
इस घटना के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और तलाशी प्रक्रिया को और अधिक सख्त कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि जेल के भीतर किसी भी तरह की प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चरस का स्रोत क्या है और इसमें अन्य लोगों की कोई भूमिका है या नहीं.
संजीव शर्मा