केबिन में घुसकर मरीज देख रहे डॉक्टर को मारी गोली, अस्पताल में हड़कंप मचा तो बाइक छोड़कर भागा आरोपी

बिजनौर जिले के नगीना कस्बे में गुरुवार शाम एक निजी अस्पताल के भीतर घुसकर बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर राजकुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया, जबकि उसकी मोटरसाइकिल वहीं छूट गई. दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और बरामद बाइक के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है.

Advertisement
मरीज देख रहे डॉक्टर को मारी गोली (Photo: itg) मरीज देख रहे डॉक्टर को मारी गोली (Photo: itg)

ऋतिक राजपूत

  • बिजनौर,
  • 06 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:12 PM IST

उत्तर प्रदेश में बिजनौर जनपद के नगीना कस्बे में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां धामपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में घुसकर अज्ञात हमलावर ने डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी. दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है.

Advertisement

एमडी बाल रोग विशेषज्ञ की मर्डर

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगीना के धामपुर रोड पर हीरो होंडा शोरूम के पास स्थित शिवालय हेल्थ केयर सेंटर में 45 साल के डॉक्टर राजकुमार, जो एमडी बाल रोग विशेषज्ञ बताए जा रहे हैं, अपने केबिन में मरीज देख रहे थे. इसी दौरान शाम करीब 6:40 बजे एक अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचा और सीधे डॉक्टर के केबिन में घुस गया. बताया जा रहा है कि हमलावर ने नजदीक से डॉक्टर पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

गोली की आवाज आते ही अस्पताल में हड़कंप

गोली चलने की आवाज सुनते ही अस्पताल में मौजूद स्टाफ और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था. बताया जा रहा है कि हमलावर अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर भाग निकला. सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल डॉक्टर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नगीना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी नगीना डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी और थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीत मान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने अस्पताल और आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.

पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कोई भी खाली खोखा बरामद नहीं हुआ है, जिससे यह संभावना भी जताई जा रही है कि हमलावर वारदात के बाद मौके से सभी सबूत समेटकर फरार हो गया हो. वहीं यह भी सामने आया है कि अस्पताल में उस समय कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था, जिससे हमलावर आसानी से अस्पताल के भीतर पहुंच गया.

न कोई धमकी, न कोई दुश्मनी

नगीना के पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने आजतक को बताया कि डॉक्टर को पहले किसी प्रकार की धमकी नहीं मिली थी और इस संबंध में उन्होंने पुलिस में कोई शिकायत भी दर्ज नहीं कराई थी. फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए हर एंगल से जांच कर रही है.

आरोपी की मोटरसाइकिल की जांच जारी

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मौके पर छोड़ी गई मोटरसाइकिल की भी जांच की जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा. दिनदहाड़े अस्पताल के भीतर हुई इस हत्या से नगीना क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं. पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »