उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शादी महज पांच घंटे में ही टूट गई. फतेहपुर कस्बे में पूरे रीति-रिवाज और रस्मों के साथ शादी तो हो गई, लेकिन कुछ ही घंटों बाद ऐसा विवाद खड़ा हो गया कि दुल्हन ने ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया और रिश्ता यहीं खत्म हो गया.
फतेहपुर के नालापार दक्षिणी मोहल्ले की रहने वाली युवती की शादी सद्दीपुर पट्टी के रहने वाले युवक से तय हुई थी. शुक्रवार की दोपहर बारात धूमधाम से पहुंची, मेहमानों का स्वागत हुआ और दावत के बाद शादी की रस्में पूरी की गईं, लेकिन शादी के तुरंत बाद ही माहौल बदलने लगा.
मेहर की अदायगी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई. इसी बीच दूल्हे पक्ष की ओर से बाइक की डिमांड किए जाने का भी आरोप सामने आया, जिससे विवाद और बढ़ गया. मामला इतना बिगड़ गया कि दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बन गई.
यह भी पढ़ें: बग्गी से उतरकर डांस करने लगा दूल्हा और गिर पड़ा, जयमाला से पहले हुआ हंगामा, फिर बिना दुल्हन लौटी बारात
स्थिति तब और खराब हो गई, जब कुछ बारातियों पर नशे की हालत में गाली-गलौज करने के आरोप लगे. हंगामा बढ़ता देख स्थानीय स्तर पर नगर पंचायत चेयरमैन और ग्राम प्रधान को बीच-बचाव के लिए बुलाया गया. दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिशें की गईं, लेकिन बात नहीं बन सकी.
इस पूरे घटनाक्रम से आहत दुल्हन ने ससुराल जाने से इनकार कर दिया और साफ कह दिया कि वह अब यह रिश्ता आगे नहीं निभाना चाहती. दुल्हन के इस फैसले के बाद दोनों पक्षों की सहमति से शादी के कुछ ही घंटों बाद तलाक की प्रक्रिया पूरी कर ली गई.
करीब पांच घंटे चले इस रिश्ते का अंत रात लगभग 10 बजे लिखापढ़ी के बाद हुआ, जिसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई. यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां एक शादी का सपना बेहद कम समय में टूट गया.
आशीष श्रीवास्तव