बिजनौर जिले के हल्दौर क्षेत्र से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां उस समय विवाद में बदल गईं जब दूल्हा चढ़त के दौरान नशे में गिर पड़ा. मामला इतना बढ़ा कि दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया और आखिरकार बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा. जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के कस्बा लक्सर से बुधवार रात एक बारात हल्दौर क्षेत्र के एक बैंक्विट हॉल में पहुंची थी. लड़की पक्ष ने बारात का स्वागत पूरे उत्साह के साथ किया. बारातियों के लिए अच्छे नाश्ते और व्यंजनों का इंतजाम किया गया था. इसके बाद पारंपरिक चढ़त का कार्यक्रम शुरू हुआ.
चढ़त के दौरान दूल्हे के दोस्त डांस करने लगे. माहौल देखकर दूल्हा भी खुद को रोक नहीं पाया और वह बग्गी से उतरकर नाचने लगा. लेकिन इसी दौरान वह नशे में था और डांस करते समय उसके कदम डगमगाने लगे. कुछ ही देर में वह गिर पड़ा. यह देखकर वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई. जब यह बात लड़की पक्ष तक पहुंची कि दूल्हा नशे में है, तो माहौल अचानक बदल गया. जैसे ही बारात बैंक्विट हॉल पहुंची और जयमाला की तैयारी शुरू हुई, उससे पहले ही लड़की पक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि दूल्हा शराब पीकर आया है और यह बात उनसे छुपाई गई थी.
जयमाला से पहले दुल्हन पक्ष ने किया हंगामा
दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया और शादी की आगे की रस्मों को रोक दिया गया. हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा. पुलिस ने पहले दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया.
थाने में करीब 6 से 7 घंटे तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत चली. इस दौरान बिरादरी के लोगों ने भी समझौता कराने की कोशिश की. लेकिन दुल्हन ने साफ तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया. उसने अपने परिवार को बताया कि वह अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक शराबी दूल्हे से शादी नहीं करेगी. लड़की पक्ष के अन्य रिश्तेदारों ने भी दुल्हन के फैसले का समर्थन किया और कहा कि अब यह शादी नहीं होनी चाहिए. आखिरकार पुलिस की मौजूदगी में यह तय हुआ कि जब लड़की शादी के लिए तैयार नहीं है, तो विवाह नहीं होगा.
खर्च लौटाने की शर्त पर बिना दुल्हन के वापस लौटी बारात
इसके बाद यह भी तय किया गया कि लड़की पक्ष ने शादी में जो खर्च किया है, उसका भुगतान लड़के पक्ष करेगा. इस समझौते के बाद बारात को बिना दुल्हन के वापस लौटने की अनुमति दे दी गई. लड़के पक्ष ने खर्च और सामान लौटाने की बात मान ली और वहां से वापस चला गया. इस पूरे मामले की इलाके में काफी चर्चा हो रही है. वहीं पुलिस का कहना है कि किसी भी पक्ष की तरफ से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. यदि कोई तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.
संजीव शर्मा (बिजनौर)