UP: पति ने नहीं भरवाया गैस सिलेंडर, 5 महीने के बच्चे को लेकर घर छोड़कर चली गई पत्नी

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एक अजीब मामला सामने आया है. जहां एक महिला अपने घर से 5 महीने के बच्चे को लेकर भाग गई. वह कहां गई, इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है.

Advertisement
पीड़ित व्यक्ति, जिसकी पत्नी गैस सिलेंडर नहीं भरवाने पर भाग गई. (Photo: Screengrab) पीड़ित व्यक्ति, जिसकी पत्नी गैस सिलेंडर नहीं भरवाने पर भाग गई. (Photo: Screengrab)

सैयद रेहान मुस्तफ़ा

  • बाराबंकी,
  • 22 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:50 PM IST

यूपी के बाराबंकी में एक पत्नी ने चूल्हे पर खाना बनाने से इनकार कर दिया और पति से गैस सिलेंडर भरवाने की मांग की. लेकिन पति ने गैस सिलेंडर भरवाने से मना कर दिया. जिसके चलते पत्नी अपने 5 महीने के बच्चे के साथ घर छोड़कर चली गई. पिछले तीन दिनों से पति उसे ढूंढ रहा है, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला.

Advertisement

पत्नी अपने साथ कुछ कपड़े और घर में रखे 1000 रुपए लेकर गई है. पति का कहना है कि जो गलती हुई माफ कर दो, वापस घर लौट आओ... यह पूरा मामला घुंघटेर थाना क्षेत्र के बौधनी मजरे खटौली गांव का है. यहां के अनिल कुमार की दो साल पहले सुमन देवी (29) के साथ शादी हुई थी. दोनों का एक पांच महीने का बच्चा भी है. पति टू पॉवर कंपनी में काम करता है.

यह भी पढ़ें: प्यार में पति बना रोड़ा तो पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी हत्या, हापुड़ में खौफनाक हत्याकांड

पिछले सोमवार की सुबह 8 बजे अनिल नाइट ड्यूटी करके घर लौटा था. घर लौटने पर उसने जब खाना मांगा तो पता चला कि खाना ही नहीं बना है. इस पर पति ने पत्नी से खाना न बनाने का कारण पूछा. जिस पर पत्नी ने कहा, "अब चूल्हे पर खाना नहीं बनाऊंगी, गैस सिलेंडर भरवा दो."

Advertisement

पत्नी की तलाश में जुटी पुलिस

पति अनिल ने बताया कि पत्नी ने गैस सिलेंडर भरवाने की मांग की थी. इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई. विवाद के बाद अनिल अपने कमरे में सोने चला गया. इसी दौरान सुमन देवी अपने कपड़े, 1000 रुपए नकद और पांच महीने के बेटे को लेकर घर से चली गई. शाम करीब 4 बजे जब अनिल की नींद खुली, तो पत्नी और बच्चे के गायब होने का पता चला. काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला. फिलहाल पुलिस ने पति की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है.

अनिल कुमार ने भावुक होकर कहा, "जो भी गलती हुई हो, माफ कर दो और वापस घर लौट आओ." पति ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से अपने परिजनों के साथ मोहम्मदपुर खाला के टेढ़ावां, असगीनगर, उस्मानपुर और सीतापुर के बनेहरा सहित रिश्तेदारों के यहां तलाश कर चुका है, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है. थाना प्रभारी बेचू यादव ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »