बलिया में भोजपुरी शो बना अखाड़ा! पवन सिंह के कार्यक्रम में लाठीचार्ज, रवि किशन भी थे मौजूद

बलिया में भोजपुरी स्टार पवन सिंह और सांसद रवि किशन के कार्यक्रम के दौरान भीड़ कई बार बेकाबू हो गई. मंच के सामने धक्का-मुक्की और कुर्सियां फेंके जाने से अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. घटना में कई लोग घायल हुए और एक युवक का सिर फट गया. पुलिस ने दो बार हस्तक्षेप कर हालात नियंत्रित किए, जबकि कुछ लोगों ने पुलिस पर बेवजह बल प्रयोग का आरोप लगाया.

Advertisement
पवन सिंह और सांसद रवि किशन कार्यक्रम में मौजूद थे. File Photo ITG पवन सिंह और सांसद रवि किशन कार्यक्रम में मौजूद थे. File Photo ITG

aajtak.in

  • बलिया,
  • 17 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:24 PM IST

उत्तर प्रदेश के बलिया में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब भोजपुरी स्टार पवन सिंह को देखने पहुंचे दर्शकों की भीड़ कई बार नियंत्रण से बाहर हो गई. हालात ऐसे बने कि पुलिस को उपद्रव कर रहे लोगों को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा. घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, जबकि बड़ी संख्या में कुर्सियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं.

Advertisement

मंगलवार रात आयोजित इस कार्यक्रम में भोजपुरी फिल्म जगत के चर्चित अभिनेता और गायक पवन सिंह के साथ गोरखपुर से सांसद एवं अभिनेता रवि किशन भी मौजूद थे. दोनों सितारों की एक झलक पाने के लिए हजारों लोग कार्यक्रम स्थल पर जुटे थे. अनुमान के मुताबिक, करीब 25 हजार से अधिक दर्शक कार्यक्रम में शामिल हुए.

रात करीब 10 बजे के बाद जैसे ही पवन सिंह मंच पर पहुंचे, दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया. कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी गायिका शिवानी सिंह ने प्रस्तुति दी. इसी बीच मंच के सामने मौजूद भीड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. कुछ लोगों ने कुर्सियां उछालनी शुरू कर दीं, जिससे कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए नगर थाना समेत आसपास के कई थानों की पुलिस तैनात थी. बैरिकेडिंग टूटने और भीड़ के आगे बढ़ने पर पुलिस ने पहले लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख बल प्रयोग करना पड़ा. इस दौरान पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ा और भीड़ को पीछे हटाया.

Advertisement

हालांकि कुछ समय बाद कार्यक्रम दोबारा शुरू हुआ, लेकिन रात करीब 11:30 बजे एक बार फिर स्थिति बिगड़ गई. बताया जाता है कि पवन सिंह मंच से नीचे आए तो उन्हें करीब से देखने के लिए लोग आगे बढ़ने लगे. इसके बाद फिर से धक्का-मुक्की और कुर्सियां फेंकने की घटनाएं सामने आईं. पुलिस को दूसरी बार हस्तक्षेप कर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा. एक फैन का सिर फट गया.

हंगामे के बीच कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए. कार्यक्रम में शामिल कुछ दर्शकों का आरोप था कि पुलिस ने कई लोगों पर बिना वजह बल प्रयोग किया. वहीं पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी बड़े हादसे को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई.

---- समाप्त ----
इनपुट- अनिल गुप्ता

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »