राम मंदिर चढ़ावा चोरी में बड़ा खुलासा! रिश्तेदारों को आरोपी भेजते थे रकम, छिपा रखे हैं जेवरात और कैश

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस रिमांड पर लिए गए तीन आरोपियों ने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं. सूत्रों के मुताबिक, कस्टडी रिमांड में आरोपियों ने बताया कि चोरी की रकम पहले रिश्तेदारों और करीबियों के खातों में भेजी जाती थी. फिर वही पैसा अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए वापस अपने खातों में मंगवा लिया जाता था, ताकि किसी को शक न हो. अब पुलिस की जांच सीधे चोरी की रकम और जेवर की बरामदगी तक पहुंच गई है.

Advertisement
रिमांड पर लेकर तीनों आरोपियों से की गई पूछताछ. (Photo: Screengrab) रिमांड पर लेकर तीनों आरोपियों से की गई पूछताछ. (Photo: Screengrab)

समर्थ श्रीवास्तव

  • अयोध्या,
  • 09 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:31 AM IST

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में पुलिस की जांच लगातार नए खुलासे कर रही है. कस्टडी रिमांड पर लिए गए तीनों आरोपियों से हुई पूछताछ में चोरी के तरीके से लेकर रकम को ठिकाने लगाने तक कई अहम जानकारियां सामने आई हैं.

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय ने पूछताछ में बताया कि चोरी की रकम सीधे अपने खातों में रखने की बजाय वे अपने रिश्तेदारों और करीबी लोगों के बैंक खातों में ट्रांसफर करते थे. इसके बाद कुछ समय बाद वही रकम अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए वापस अपने खातों में मंगवा ली जाती थी.

Advertisement

पुलिस का मानना है कि ऐसा इसलिए किया जाता था, ताकि पैसों का सोर्स छिपा रहे और किसी को संदेह न हो. जांच के दौरान बैंक खातों की पड़ताल में भी इस तरह के लेनदेन की पुष्टि होने की बात सूत्रों ने कही है.

सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें भरोसा था कि वे कभी पकड़े नहीं जाएंगे. इसी वजह से वे बेखौफ होकर चढ़ावे से अधिक से अधिक नकदी निकालने की कोशिश करते थे. उनका मानना था कि मंदिर की व्यवस्था और अंदरूनी मिलीभगत के चलते उन पर किसी का शक नहीं जाएगा.

यह भी पढ़ें: 'मुझे हटाया नहीं, सिर्फ बैठकों से दूर रहने को कहा...', गोपाल राव ने बढ़ाया सस्पेंस, राम मंदिर ट्रस्ट से हटाने की थी खबरें

पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी की रकम को बाहर निकालने में उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं होती थी, क्योंकि कथित तौर पर कुछ लोगों का सहयोग उन्हें मिलता था. सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने दावा किया कि टिन्नू और गणना प्रभारी सुभाष श्रीवास्तव की मिलीभगत के कारण नकदी बाहर ले जाना आसान हो जाता था. 

Advertisement

पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि चोरी की गई नकदी और कुछ जेवर अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखे गए हैं. इसी आधार पर पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान बड़ी बरामदगी हो सकती है. सूत्रों का कहना है कि आज चोरी की रकम और जेवर की बरामदगी की कार्रवाई की जा सकती है.

उसी बाग में ले गई पुलिस, जहां होता था 'हिस्से' का खेल

जांच के सिलसिले में पुलिस तीनों आरोपियों को 14 कोसी परिक्रमा मार्ग स्थित उस बाग में भी लेकर गई, जहां कथित तौर पर चोरी की रकम का बंटवारा किया जाता था. इससे पहले कस्टडी रिमांड पर रहे आरोपी अविनाश शुक्ला ने भी इस जगह का जिक्र किया था. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों के बयानों का वेरीफिकेशन किया और घटनाक्रम को दोबारा समझने की कोशिश की.

सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में यह बात भी सामने आई कि आरोपियों की मंदिर में नौकरी ट्रस्ट के कुछ पदाधिकारियों की सिफारिश पर लगी थी. इस दौरान अनिल मिश्रा का नाम भी सामने आया है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस की पूरी कोशिश चोरी की रकम, जेवर और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की है. आने वाले दिनों में बरामदगी और पूछताछ के आधार पर इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »