हवाई जहाज में सफर करते समय अक्सर यात्रियों को लगता है कि उन्हें सिर्फ वही सुविधाएं मिल सकती हैं, जो पहले से उनकी सीट पर रखी गई हैं. लेकिन ऐसा नहीं है. फ्लाइट के दौरान अगर सिरदर्द हो, पैरों में सूजन आ जाए या अचानक चोट लग जाए तो आप एयर होस्टेस से कुछ जरूरी चीजें मांग सकते हैं.
यहां तक कि सैनिटरी पैड, टैम्पोन और पेन किलर जैसी चीजों के लिए भी पूछ सकते हैं. एक अनुभवी एयर होस्टेस ने ऐसी ही 6 जरूरी चीजों के बारे में बताया है, जिनके बारे में ज्यादातर यात्रियों को जानकारी नहीं होती.
न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सिले राइडेल नाम की एक फ्लाइट अटेंडेंट सोशल मीडिया पर 'ट्रैवल विद सिल राइडेल' नाम से मशहूर हैं. उन्हें एविएशन इंडस्ट्री में काम करते हुए छह साल हो चुके हैं. वह टिकटॉक और इंस्टाग्राम पर हवाई सफर से जुड़ी छोटी-छोटी टिप्स शेयर करती रहती हैं.
हर मंगलवार को वह यात्रियों के लिए एक नई जानकारी लेकर आती हैं. हाल ही में उन्होंने बताया कि फ्लाइट में ऐसी कौन-कौन सी चीजें हैं, जिन्हें यात्री जरूरत पड़ने पर मांग सकते हैं.
फ्लाइट में मांग सकते हैं ये 6 जरूरी चीजें
लंबी फ्लाइट के दौरान कई बार पैरों में सूजन आ जाती है या सिरदर्द होने लगता है. ऐसी स्थिति में आप एयर होस्टेस से बर्फ की थैली मांग सकते हैं. इसका इस्तेमाल ठंडी सिकाई के लिए किया जा सकता है. इससे सूजन या दर्द में कुछ राहत मिल सकती है.
कई बार एयरपोर्ट पर एक गेट से दूसरे गेट तक भागने या लंबे समय तक चलने की वजह से पैरों में छाले पड़ जाते हैं. ऐसे में अगर आपके पास बैंडेज नहीं है तो घबराने की जरूरत नहीं. आप फ्लाइट अटेंडेंट से पट्टी या बैंडेज मांग सकते हैं. उनके पास यात्रियों की ऐसी छोटी-मोटी जरूरतों के लिए कुछ जरूरी सामान हो सकता है.
फ्लाइट के दौरान अचानक सिरदर्द या पेट दर्द जैसी परेशानी होने पर भी आप क्रू मेंबर्स से मदद मांग सकते हैं. राइडेल ने बताया कि कुछ यात्रियों को जरूरत पड़ने पर दर्द की दवा भी दी जा सकती है.हालांकि, हर एयरलाइन और फ्लाइट में दवाओं की उपलब्धता अलग-अलग हो सकती है. इसलिए दवा मिलने की गारंटी नहीं होती.
महिलाओं के लिए यह जानकारी काफी काम की हो सकती है. अगर फ्लाइट के दौरान अचानक पीरियड्स शुरू हो जाएं और आपके पास सैनिटरी पैड या टैम्पोन न हो तो एयर होस्टेस से पूछ सकती हैं.
राइडेल के मुताबिक, कुछ एयरलाइंस अपने विमान में महिलाओं के इस्तेमाल के लिए ये जरूरी चीजें रखती हैं. हालांकि, यह सुविधा हर एयरलाइन में उपलब्ध हो, ऐसा जरूरी नहीं है.
उन्होंने यह भी बताया कि इन्हें खुद से टॉयलेट के किसी दराज में तलाशने की कोशिश न करें. इससे वहां रखी चीजों को नुकसान पहुंच सकता है. बेहतर है कि सीधे केबिन क्रू से पूछ लें. हो सकता है कि वे आपकी मदद कर सकें.
फ्लाइट में गर्म पानी भी मांगा जा सकता है. अगर आप अपने साथ चाय का टी-बैग या इंस्टेंट नूडल्स का पैकेट लेकर जा रहे हैं तो गर्म पानी के लिए क्रू मेंबर्स से पूछ सकते हैं.
यह भी पढ़ें: डिलीवरी बॉय से इंग्लिश टीचर ने की शादी, फिर लैंग्वेज की वजह से हो गए अलग
इसके अलावा अगर आपको हवाई सफर के दौरान उल्टी या जी मिचलाने की समस्या होती है तो पहले से सिकनेस बैग यानी उल्टी करने वाला बैग मांगकर रख सकते हैं. परेशानी शुरू होने का इंतजार करने के बजाय पहले से तैयारी करना बेहतर है.
राइडेल ने बताया कि अगर आपको फ्लाइट में शोर से परेशानी होती है तो ईयरप्लग मांग सकते हैं. इसके अलावा ज्यादा पानी, पानी की बोतल दोबारा भरवाने और सैनिटरी वाइप्स जैसी चीजों के लिए भी क्रू मेंबर्स से पूछ सकते हैं.
उनका कहना है कि यात्रियों को मदद मांगने में झिझकना नहीं चाहिए. भले ही आपको अपनी जरूरत थोड़ी अजीब या शर्मिंदगी वाली लगे, लेकिन केबिन क्रू ने ऐसी कई परिस्थितियां पहले भी देखी होती हैं. इसलिए बेझिझक अपनी परेशानी बताएं. उन्होंने यह भी कहा कि विमान में हर चीज उपलब्ध हो, यह जरूरी नहीं है, लेकिन क्रू मेंबर्स के पास अक्सर कोई न कोई समाधान जरूर होता है.
aajtak.in