'बड़ा होकर हेलिकॉप्टर में बैठाऊंगा', बेटे ने सालों बाद मां से किया वादा निभाया, VIDEO वायरल

बचपन में मां से किया एक वादा बेटे ने सालों बाद पूरा कर दिखाया. पहली बार मां को हेलिकॉप्टर की सैर कराने का यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लाखों लोग इसे देखकर भावुक हो रहे हैं.

Advertisement
वीडियो को इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएटर योगेश रावत ने शेयर किया है (Photo:Insta/@Yogesh Rawat) वीडियो को इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएटर योगेश रावत ने शेयर किया है (Photo:Insta/@Yogesh Rawat)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 04 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:35 AM IST

मां-बेटे का रिश्ता दुनिया के सबसे खास रिश्तों में से एक माना जाता है. बचपन में मां से किया एक छोटा-सा वादा जब सालों बाद सच हुआ, तो यह पल सिर्फ एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि लाखों सोशल मीडिया यूजर्स के लिए भी भावुक कर देने वाला बन गया.

इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बेटा अपनी मां को पहली बार हेलिकॉप्टर की सैर कराता नजर आता है. वीडियो देखने वाले लोग सिर्फ हेलिकॉप्टर राइड नहीं, बल्कि बेटे का अपनी मां के प्रति प्यार और बचपन का वादा निभाने की खुशी देख रहे हैं.

Advertisement

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएटर योगेश रावत ने शेयर किया है. वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा-मेरी मां की पहली हेलिकॉप्टर राइड. ये वीडियो वायरल है. इसको अबतक 6 लाख से ज्यादा व्यूज मिले. 3 हजार से ज्यादा लोगों ने कमेंट किया है.

बचपन में मां से किया था एक वादा

वीडियो की शुरुआत में योगेश बताते हैं कि बचपन में उन्होंने अपनी मां से कहा था कि जब वह बड़े हो जाएंगे तो उन्हें हेलिकॉप्टर में जरूर बैठाएंगे. सालों बाद आखिरकार उन्हें वह मौका मिल गया.

लेकिन जैसे ही उनकी मां ने हेलिकॉप्टर देखा, वह थोड़ी घबरा गईं. वीडियो में योगेश कहते हैं कि मैंने बचपन में मां से वादा किया था कि बड़ा होकर आपको हेलिकॉप्टर में बैठाऊंगा. आज वही दिन है, लेकिन हेलिकॉप्टर देखते ही मां डर गईं.

Advertisement

इसके बाद वह हेलिकॉप्टर के टिकट दिखाते हैं और बताते हैं कि यह सफर उत्तराखंड के मुनस्यारी में हो रहा है. कैमरे के सामने उनकी मां मुस्कुराते हुए कहती हैं कि मुझे डर लग रहा है.

शुरुआत में डर... फिर चेहरे पर खिल गई मुस्कान

योगेश अपनी मां का हौसला बढ़ाते हैं और उन्हें हेलिकॉप्टर में बैठा लेते हैं. शुरुआत में उनकी मां बेटे का पैर पकड़कर बैठी रहती हैं, लेकिन उड़ान शुरू होते ही उनका डर धीरे-धीरे खत्म होने लगता है.

कुछ ही देर बाद वही मां मुस्कुराती नजर आती हैं. कैमरे की ओर हाथ हिलाते हुए उनकी खुशी साफ दिखाई देती है. योगेश भी हंसते हुए कहते हैं कि अब मां पूरे स्वैग में हैं.

'मेरा गांव किसी स्विट्जरलैंड से कम नहीं'

हेलिकॉप्टर उड़ान भरते ही योगेश ऊपर से अपने गांव के खूबसूरत नजारे भी दिखाते हैं. वह कहते हैं कि मेरा गांव किसी जन्नत से कम नहीं... यह किसी स्विट्जरलैंड से कम नहीं है.

वीडियो के आखिर में उनकी एक बात लोगों के दिल को छू जाती है. वह कहते हैं कि मैं मां को घुमाने ले गया था, लेकिन मेरे अंदर का 10 साल का बच्चा सबसे ज्यादा खुश था, क्योंकि उसने अपनी मां से किया बचपन का वादा पूरा कर दिया.

Advertisement

जब वह अपनी मां से पूछते हैं कि सफर कैसा लगा, तो मां मुस्कुराते हुए सिर्फ इतना कहती हैं कि बहुत अच्छा.

सोशल मीडिया पर लोगों की आंखें हुईं नम

यह वीडियो सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल जीत रहा है. नीतिन तिवारी ने लिखा कि यही असली सफलता की परिभाषा है." वहीं शुभांगी ने कमेंट किया कि मां की आंखें बता रही हैं कि आज उन्हें अपने बेटे पर कितना गर्व है. सुचित्रा ने सिर्फ एक शब्द लिखा-मां. उनका यह छोटा-सा कमेंट ही वीडियो की पूरी भावना बयां कर गया.

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने भी कहा कि जिंदगी की सबसे बड़ी कामयाबी महंगी गाड़ी या बड़ा घर नहीं, बल्कि माता-पिता के चेहरे पर मुस्कान लाना है. यही वजह है कि यह वीडियो लोगों को सिर्फ पसंद ही नहीं आ रहा, बल्कि लोगों को भावुक भी कर रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »